नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे : UPSSSC के जरिए हुआ 688 अभ्यर्थियों का चयन, सरकार का जताया आभार

UPT | नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे

Sep 11, 2024 02:33

उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 647 वन रक्षकों/वन्यजीव रक्षकों व 41 अवर अभियंताओं को लोकभवन सभागार में मंगलवार को नियुक्ति पत्र मिला।

Short Highlights
  • युवाओं ने सरकार पर जताया भरोसा
  • मुख्यमंत्री ने सौंपा नियुक्ति पत्र
  • नियुक्ति पत्र पाकर खिले युवाओं के चेहरे
Lucknow News : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 647 वन रक्षकों/वन्यजीव रक्षकों और 41 अवर अभियंताओं को मंगलवार को लोकभवन सभागार में नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ। इस पर नवचयनितों ने अपनी खुशी व्यक्त की और इसे अपनी कड़ी मेहनत का फल बताया। चयनित अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सरकार का आभार भी जताया और पहले की भर्ती प्रक्रिया में आए बदलावों के अनुभव भी साझा किए।

युवाओं ने सरकार पर जताया भरोसा
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में अवर अभियंता के पद पर नियुक्त पूजा त्रिपाठी ने कहा कि यह सरकार की बड़ी सफलता है, क्योंकि आज युवा कड़ी मेहनत के बल पर पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया के कारण ही उन्हें सरकारी नौकरी मिल पाई है।

समय से पहले मिला नियुक्ति पत्र
वन्य रक्षक के पद पर चयनित मऊ के विजय प्रताप सिंह ने कहा कि यह सरकार युवाओं के प्रति समर्पित है और आज का कार्यक्रम इसका प्रमाण है। विजय ने मुख्यमंत्री से नियुक्ति पत्र प्राप्त करने पर खुशी जताई और कहा कि योगी सरकार युवाओं को तेज गति से नियुक्ति प्रदान कर रही है। एक माह के भीतर नियुक्ति पत्र मिलना बड़ी बात है और मुख्यमंत्री युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के प्रति कृतसंकल्पित हैं। रिकॉर्ड संख्या में युवाओं की नियुक्तियाँ इसका उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने सौंपा नियुक्ति पत्र
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वन्य रक्षक के पद पर चयनित मुरादाबाद की वर्षा रानी ने कहा कि पूर्व की सरकारों में नियुक्ति के लिए रिश्वत देनी पड़ती थी, लेकिन आज नियुक्ति केवल काबिलियत के आधार पर मिलती है। सरकारी नौकरी के लिए रिश्वत देना अब गुजरे जमाने की बात हो गई है। मुख्यमंत्री ने पारदर्शी प्रक्रिया से नियुक्ति देकर एक नई दिशा स्थापित की है। इस नौकरी के लिए कोई सिफारिश या रिश्वत नहीं देनी पड़ी, जिसके लिए वह मुख्यमंत्री का दिल से आभार व्यक्त करती हैं।

महिला सुरक्षा की भी तारीफ
बरेली की जया यादव उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में अवर अभियंता के पद पर नियुक्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कारण हम सभी निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया देख पा रहे हैं। सरकार महिलाओं की सुरक्षा से लेकर रोजगार तक संवेदनशील है। जया ने बताया कि 688 में से 128 महिलाओं को नियुक्ति पत्र मिला है। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में महिलाएं सुरक्षित और मजबूत महसूस कर रही हैं। पहले बाहर जाने पर रात का डर रहता था, लेकिन अब हम कहीं भी, किसी भी समय बेखौफ बाहर निकल सकते हैं। इसलिए, योगी जी हमारे लिए नंबर 1 हैं।

Also Read