Lucknow News : सपा मुख्यालय के बाहर युवती ने खाया जहर, सिविल अस्पताल में भर्ती

UPT | सिविल अस्पताल में युवती का इलाज करते डॉक्टर।

Oct 18, 2024 15:48

राजधानी में शुक्रवार को विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।

Lucknow News : राजधानी में शुक्रवार को विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। युवती को लड़खड़ाते हुए मुख्यमंत्री आवास के पास कालिदास मार्ग की तरफ जाता देख पुलिस ने रोक लिया। हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में सिविल अस्‍पताल ले जाया गया। युवती ने उसके साथ दुष्कर्म करने वाले पुलिस आरक्षी को जमनात मिलने पर यह आत्मघाती कदम उठाया।

युवती की हालत खतरे से बाहर
डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी ने बताया कि दोपहर को एक युवती विक्रमादित्य मार्ग पर पहुंची थी। पुलिस कर्मियों ने उसको देखा। कुछ संदिग्धता हुई तो पुलिस कर्मी उसके पास गए। युवती ने बताया कि उसने कुछ देर पहले जहर खाया है। पुलिस ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस  मामले की जांच कर रही है।




सिपाही को जमानत मिलने पर खाया जहर
पीड़ित युवती औरैया जनपद की रहने वाली है। वह कानपुर में रहकर पढ़ाई करती है।  उसने बताया कि वर्तमान में लखीमपुर खीरी में पुलिस आरक्षी के पद पर तैनात निशांत कुमार ने 2023 में फेसबुक के जरिए उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद निशांत कानपुर स्थित कमरे पर मिलने आया। 6 जनवरी 2023 को दुष्कर्म किया। कानपुर देहात थाने में शिकात दर्ज कराने पर आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस-प्रशासन के काफी गुहार लगाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार गया था, लेकिन वह जमानत पर बाहर है। इससे परेशान होकर उसने जहर खा लिया। 2023 में निशांत 37वीं वाहिनी पीएसी कानपुर में तैनात था।

Also Read