Ghaziabad by-election 2024 : भाजपा ने मंत्री सुनील शर्मा को सौंपी गाजियाबाद उपचुनाव की कमान

UPT | विधानसभा उपचुनाव 2024

Jul 03, 2024 09:37

गाजियाबाद में भाजपा की जीत का मार्जन कम हुआ। गाजियाबाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के गठबंधन का असर दिखाई दिया। माना जा रहा है कि गाजियाबाद सदर सीट से इस बार गठबंधन डॉली शर्मा को प्रत्याशी बनाने की तैयारी में है।

Short Highlights
  • भाजपा ने विधानसभा उपचुनाव के लिए बनाई रणनीति
  • गाजियाबाद सदर विधानसभा सहित प्रदेश की 10 सीटों पर उपचुनाव
  • गाजियाबाद सदर विधानसभा उपचुनाव भाजपा के लिए चुनौती  
Ghaziabad by-election 2024 : लोकसभा चुनाव में अपनी अपेक्षा के अनुरूप अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली भाजपा ने अब विधानसभा उपचुनाव के लिए अभी से कमर कस ली है। प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के प्रचार की कमान सीएम ने अपने हाथ में ले ली है।

सपा फिट करेगी उपचुनाव में भी पीडीए फार्मूला
हालांकि अभी तक निर्वाचन आयोग ने विधानसभा उपचुनावों के कार्यक्रम घोषित नहीं किए हैं। लेकिन सभी दल अपने स्तर से उपचुनाव में जीत दर्ज करने की रणनीति बना रहे हैं। लोकसभा चुनाव से उत्साहित समाजवादी पार्टी ने उपचुनाव में भी पीडीए फार्मूला फिट कर दिया है। बता दें उप्र की जिन सीटों पर विधानसभा उपचुनाव हो रहा है उनमें से पांच सीटें पहले भाजपा के पास थी। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश की राजनीति में बदले हालातों से भाजपा को इन पांच सीटों पर कब्जा बरकरार रखना चुनौतीपूर्ण है। यहीं कारण है कि विधानसभा उपचुनाव की कमान खुद मुख्यमंत्री ने अपने हाथों में ली है। उन्होंने सभी 10 सीटों पर 16 मंत्रियों की टीम तैनात कर जीत पक्की करने की जिम्मेदारी दी है।

गाजियाबाद में मंत्री सुनील शर्मा को जिम्मेदारी
उप्र विधानसभा चुनाव 2022 में गाजियाबाद सदर सीट भाजपा के खाते में गई थी। गाजियाबाद सदर विधानसभा सीट से अतुल गर्ग ने जीत दर्ज की थी। अतुल गर्ग को भाजपा ने लोकसभा चुनाव में गाजियाबाद सीट से मैदान में उतारा और वो अब सांसद बन गए हैं। इसके चलते गाजियाबाद सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारी चल रही है।

कांग्रेस की डॉली शर्मा ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी
लोकसभा चुनाव में गठबंधन प्रत्याशी कांग्रेस की डॉली शर्मा ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी। जिसके चलते गाजियाबाद में भाजपा की जीत का मार्जन कम हुआ। गाजियाबाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के गठबंधन का असर दिखाई दिया। माना जा रहा है कि गाजियाबाद सदर सीट से इस बार गठबंधन डॉली शर्मा को प्रत्याशी बनाने की तैयारी में है। इसी संभावना को देखते हुए भाजपा ने गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव की कमान साहिबाबाद से विधायक और योगी सरकार में मंत्री सुनील शर्मा को सौंपी है।

सदर सीट पर जीत दर्ज करने की जिम्मेदारी
मंत्री सुनील शर्मा पर अपनी गाजियाबाद सदर सीट पर जीत दर्ज करने की जिम्मेदारी है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंत्री सुनील शर्मा को हर हाल में जीत दर्ज करने के अभी से क्षेत्र में डटे रहने को कहा गया है। गाजियाबाद सदर विस क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान जहां पर भाजपा के बूथ सबसे अधिक कमजोर रहे थे। वहां पर मंत्री सुनील शर्मा को अभी से काम करने के लिए कहा गया है। जिससे कि गाजियाबाद सदर विधानसभा सीट हर हाल में भाजपा के पास ही रहे।

Also Read