नोएडा के गांव में मिला खजाना : खेत में दबे हुए थे प्राचीन सिक्के और गहने, लूटने वालों की लग गई भीड़

UPT | नोएडा के गांव में मिला खजाना

Oct 10, 2024 16:42

ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित एक गांव में खेत से खजाना मिलने की खबर सामने आई है। ये जानकारी जैसे ही गांव वालों को मिली, खजाना लूटने की होड़ मच गई

Short Highlights
  • नोएडा के गांव में मिला खजाना
  • खेत में दबे थे प्राचीन सिक्के
  • लूटने वालों की लग गई भीड़
Noida News : ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित एक गांव में खेत से खजाना मिलने की खबर सामने आई है। ये जानकारी जैसे ही गांव वालों को मिली, खजाना लूटने की होड़ मच गई। जिसके हाथ में जो आया, वही लूटकर घर ले जाने लगा। सूचना जब पुरातत्व विभाग तक पहुंची, तो उनकी एक टीम गांव में पहुंची और सिक्कों को जब्त कर लिया। लेकिन टीम को केवल 44 सिक्के ही मिल पाए, जबकि बताया जा रहा है कि खेत में से करीब 18 से 20 किलो वजन के सिक्के और गहने मिले थे।

मिट्टी भरने के दौरान मिले गहने
दरअसल ये पूरा मामला दनकौर के राजपुर कला गांव का है। यहां रविवार की रात एक ग्रामीण ग्राम प्रधान के खेत से मिट्टी उठवाकर अपने निर्माणाधीन मकान का भराव करवा रहा था। ट्रॉली में भरकर मिट्टी खेत से मकान तक पहुंचवाई जा रही थी। रात होने की वजह से किसी को कुछ पता नहीं चला। लेकिन जिस सड़क से मिट्टी ले जायी जा रही थी, वहां सुबह ग्रामीणों को कुछ सिक्के और गहने पड़े हुए दिखे।



लोगों ने लूट गए सारे गहने
इस मिट्टी के निशान का पीछा करते हुए कुछ लोग खेत तक पहुंच गए। वहां ऐसे गहनों का भंडार था। ये सूचना आग की तरह फैल गई। आस-पास के गांवों से भी लोग वहां खजाना लूटने के लिए पहुंचने लगे। जिसके हाथ में हो आया, वह उठाकर अपने घर की ओर चलता बना। पूरे दिन ये घटना लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बनी रही। इसकी सूचना पुरातत्व विभाग को भी मिली। उनकी एक टीम गांव में जांच के लिए पहुंची।

लोगों ने छिपा लिए गहने
पुरातत्व विभाग की टीम जब गांव में पहुंची, तो उसने लोगों ने लूटे गए खजाने के बारे में जानकारी इकट्ठी करनी शुरू की। टीम ने एक-एक कर कुल 44 सिक्के जब्त किए। लेकिन चर्चा है कि मिट्टी में से करीब 18 से 20 किलो वजन के सिक्के, गहने और बर्तन निकले हैं। लेकिन ग्रामीणों ने उसे छिपा दिया, जिस कारण उन्हें जब्त नहीं कर सका गया। जानकारी के मुताबिक, दनकौर कोतवाली की पुलिस और पुरातत्व विभाग की टीम जांच कर रही है और जल्द भी पूरे खजाने को बरामद किया जाएगा।

चांदी के नहीं हैं सिक्के
गांव में ये चर्चा थी कि खेत में मिले सिक्के और गहने चांदी के हैं। लेकिन जब पुरातत्व विभाग ने एक स्वर्णकार को बुलाकर इनकी जांच कराई, तो पता चला कि सिक्के चांदी के हैं ही नहीं। अब दावा किया जा रहा है कि सिक्के कांसे के हैं। सिक्कों के साथ प्राचीन जेवरात भी मिले हैं, जिन्हें ग्रामीणों ने छिपा लिया। अब पुलिस ऐसे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

प्राचीन काल का हो सकता है खजाना
दनकौर में मिला खजाना कितना पुराना है और यह किस काल है, इसकी जानकारी जांच के बाद ही मिल पाएगी। हालांकि इसके काफी प्राचीन होने का अनुमान लगाया जा रहा है। दरअसल गौतम बुद्ध नगर का इलाका अपने अंदर प्राचीन रहस्य समेटे हुए है। कहते हैं कि दनकौर वही जगह हैं, जहां एकलव्य ने गुरु द्रोण की मूर्ति बनाकर धनुर्विद्या का अभ्यास किया था। नोएडा के बिसरख क्षेत्र को रावण का गांव भी कहा जाता है।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश से था खास लगाव : रतन टाटा ने कहा था- यूपी ने चुराया मेरा दिल, बचपन से बुलंदी तक ऐसा था सफर...

यह भी पढ़ें- हाथरस सत्संग कांड : कड़ी सुरक्षा के बीच नारायण हरि साकार न्यायिक आयोग के सामने पेश, सवालों से होगा सामना

Also Read