अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में किया आत्मसमर्पण : 21 दिनों की अंतरिम जमानत पर आए थे बाहर, सरेंडर करने से पहले गए राजघाट

UPT | अरविंद केजरीवाल

Jun 02, 2024 18:51

तिहाड़ जेल जाने से पहले केजरीवाल दोपहर में राजघाट पहुंचे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद केजरीवाल कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर गए। जहां उन्होंने हनुमान जी के दर्शन किए। इसके बाद...

Short Highlights
  • दिल्ली शराब नीति मामले में उनकी अंतरिम जमानत 1 जून को खत्म हो चुकी है।
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 10 मई को 39 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए थे।
National News : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 21 दिनों बाद आज रविवार को तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को चुनाव प्रचार के लिए 21 दिनों की अंतरिम जमानत दी थी। कोर्ट ने 10 मई को चुनाव प्रचार के लिए उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। सरेंडर करने से पहले केजरीवाल राजघाट गए। साथ ही पार्टी कार्यालय जाकर भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मुझे चुनाव प्रचार के लिए 21 दिनों की जमानत दी थी। जिसके लिए मैं सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। आज मैं फिर तिहाड़ जेल जा रहा हूं। केजरीवाल ने कहा कि इन 21 दिनों में मैंने आम आदमी पार्टी के साथ ही कई और पार्टियों के लिए प्रचार किया।

राजघाट पहुंचे थे केजरीवाल
तिहाड़ जेल जाने से पहले केजरीवाल दोपहर में राजघाट पहुंचे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद केजरीवाल कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर गए। जहां उन्होंने हनुमान जी के दर्शन किए। इसके बाद वे आम आदमी पार्टी के ऑफिस पहुंचे। अरविंद केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी थीं। साथ ही पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। दिल्ली शराब नीति मामले में उनकी अंतरिम जमानत 1 जून को खत्म हो चुकी है। 
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 10 मई को 39 दिन बाद तिहाड़ जेल से बाहर आए थे। दिल्ली शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। इससे पहले जांच एजेंसी उन्हें 9 समन भेज चुकी थी। हालांकि, केजरीवाल एक बार भी पूछताछ के लिए जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे। गिरफ्तार होने के बाद शुरुआती 10 दिन अरविंद केजरीवाल ED की हिरासत में थे। जिसके बाद 1 अप्रैल को कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया था। 

सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट 
अरविंद केजरीवाल ने रविवार सुबह सोशल मीडिया साइट 'X' पर भावुक पोस्ट लिखा। उनहोंने लिखा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मैं 21 दिन चुनाव प्रचार के लिए बाहर आया। माननीय सुप्रीम कोर्ट का बहुत बहुत आभार। आगे उन्होंने लिखा कि आप सब लोग अपना ख़्याल रखना। जेल में मुझे आप सबकी चिंता रहेगी। आप खुश रहेंगे तो जेल में आपका केजरीवाल भी खुश रहेगा।

क्या है दिल्ली शराब नीति मामला ?
दिल्ली सरकार ने 17 नवंबर 2021 को दिल्ली में नई शराब नीति लागू की थी। इसके तहत राजधानी में 32 जोन बनाए गए थे। हर जोन में ज्यादा से ज्यादा 27 दुकानें खुलनी थीं। पूरे दिल्ली में कुल मिलाकर 849 दुकानें खुलनी थीं। इसके साथ ही नई शराब नीति केतहत दिल्ली की सभी शराब की दुकानों को प्राइवेट कर दिया गया। इस नीति के लागू होने से पहले दिल्ली में शराब की 60 प्रतिशत दुकानें सरकारी और 40 प्रतिशत प्राइवेट थीं। नई नीति लागू होने के बाद सभी दुकानें प्राइवेट हो गई थीं। सरकार ने तर्क दिया था कि इससे 3,500 करोड़ रुपये का फायदा होगा। लेकिन बाद में दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने इस मामले में रिपोर्ट बनाई। जिसमें पैसों के हेराफेरी का आरोप पार्टी के कई नेताओं पर लगा। जिसके बाद इस मामले को सीबीआई से जांच करवाने के लिए सिफारिश की गई। जिसके बाद इस मामले में आम आदमी पार्टी के कई नेता को जेल जाना पड़ा। जिसमें खुद अरविंद केजरीवाल शामिल हैं।

Also Read