ऑथर Mazkoor Alam

यूपी के लाल : मोहम्मद शमी और पारुल चौधरी समेत 26 को अर्जुन पुरस्कार, सीएम योगी ने दी बधाई

Uttar Pradesh Times | Mohammed Shami And President Draupadi Murmu

Jan 09, 2024 19:51

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में देश के सर्वश्रेष्ठ एथलीट्स को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। खेल का सबसे बड़ा सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड बैडमिंटन की स्टार जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी को मिला।

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले क्रिकेटर मोहम्मद शमी और एथलीट पारुल चौधरी समेत कुल 26 एथलीट्स को मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनके अलावा देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले विभिन्न खेलों के एथलीट्स को अलग-अलग कैटेगरी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। खेल का सबसे बड़ा सम्मान मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड बैडमिंटन की स्टार जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी को मिला। बता दें कि हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आम तौर पर 29 अगस्त को होने वाला यह समारोह पिछले साल 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक हुए हांगझोउ एशियाई खेलों के कारण देर से आयोजित किया गया।

चिराग और सात्विक नहीं पहुंच पाए समारोह में
युगल बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को यह अवॉर्ड 2023 में पूरे साल शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया। इस जोड़ी ने 2023 में एशियाई खेलों में बैडमिंटन का पहला स्वर्ण पदक देश को दिलाया। इसके अलावा एशियाई चैम्पियनशिप और इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 का खिताब भी अपने नाम किया। आज भी अपनी खेल की प्रतिबद्धता की वजह से यह जोड़ी राष्ट्रीय खेल अवॉर्ड समारोह में नहीं पहुंच सकी। फिलहाल वे दोनों मलेशिया ओपन सुपर 1000 में खेल रहे हैं। 

विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी थे शमी
मोहम्मद शमी ने पिछले साल भारत में आयोजित विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने महज सात मैच खेलकर टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 24 विकेट चटकाए थे। फिलहाल वह चोटिल हैं। इसलिए टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। 

यूपी सीएम योगी ने शमी और पारुल को दी बधाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्रिकेटर मोहम्मद शमी और पारुल चौधरी को अर्जुन अवॉर्ड मिलने पर एक्स पर बधाई दिया। उन्होंने मोहम्मद शमी के लिए लिखा- 'राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा आज नई दिल्ली में 'राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2023' के अंतर्गत, 'क्रिकेट विश्वकप 2023' में अपने अद्वितीय प्रदर्शन से विश्व-पटल पर मां भारती को गौरवभूषित करने वाले, उत्तर प्रदेश निवासी प्रख्यात गेंदबाज मो. शमी को प्रतिष्ठित 'अर्जुन पुरस्कार-2023' से सम्मानित किए जाने पर हार्दिक बधाई। आपकी यह अविस्मरणीय उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।
इसी तरह उन्होंने एक्स पर एथलीट पारुल चौधरी के लिए लिखा- 'राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा नई दिल्ली में 'राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2023' के अंतर्गत, एथलेटिक्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाली उत्तर प्रदेश की बेटी पारुल चौधरी को 'अर्जुन पुरस्कार-2023' से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई। आप हमारा गौरव हैं। आपके उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं।'

2023 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार विजेताओं की पूरी लिस्ट 

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार :
चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रंकीरेड्डी (बैडमिंटन)

अर्जुन पुरस्कार : पारुल चौधरी (एथलेटिक्स), मुरली श्रीशंकर (एथलेटिक्स), मोहम्मद शमी (क्रिकेट), इलूरी अजय कुमार रेड्डी (दृष्टिबाधित क्रिकेट), कृष्ण बहादुर पाठक (हॉकी), शीला चानू (हॉकी), मोहम्मद हुसामुद्दीन (मुक्केबाजी), आर वैशाली (शतरंज), ओजस प्रवीण देवताले (तीरंदाजी), अदिति गोपीचंद स्वामी (तीरंदाजी), अनुश अग्रवाल ( घुड़सवारी), दिव्यकृति सिंह (घुड़सवारी ड्रेसेज), पवन कुमार (कबड्डी), रितु नेगी (कबड्डी), नसरीन (खो-खो), पिंकी ( लॉन बॉल्स), दीक्षा डागर (गोल्फ), सुऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (निशानेबाजी), ईशा सिंह (निशानेबाजी), सुनील कुमार (कुश्ती), अंतिम पंघाल (कुश्ती), नाओरेम रोशिबिना देवी (वुशु), हरिंदर पाल सिंह संधू (स्क्वाश), अयहिका मुखर्जी (टेबल टेनिस), शीतल देवी (पैरा तीरंदाजी), प्राची यादव (पैरा कैनोइंग)

कोच के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार : ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज), महावीर प्रसाद सैनी (पैरा एथलेटिक्स), शिवेंद्र सिंह (हॉकी), गणेश प्रभाकर देवरुखकर (कुश्ती)

लाइफटाइम प्रदर्शन के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार : जसकीरत सिंह ग्रेवाल (गोल्फ), भास्करन ई (कबड्डी), जयंत कुमार पुशीलाल (टेबल टेनिस)

लाइफटाइम प्रदर्शन के लिए ध्यानचंद पुरस्कार : मंजूषा कंवर (बैडमिंटन), विनीत कुमार शर्मा (हॉकी), कविता सेल्वराज (कबड्डी)

मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी 2023 : गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर (समग्र विजेता विश्वविद्यालय), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, पंजाब (प्रथम रनर अप), कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र (द्वितीय रनर अप)

Also Read