केजरीवाल का नया पता फाइनल : कल सीएम आवास छोड़ेंगे, गाजियाबाद में कौशाम्बी वाले घर नहीं लौटेंगे, अब ये होगा ठिकाना...

UPT | अरविंद केजरीवाल

Oct 03, 2024 10:49

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जल्द ही अपने सरकारी आवास को छोड़कर नए ठिकाने पर जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल कल अपने आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास से निकलेंगे और यह वहां...

Delhi News : दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जल्द ही अपने सरकारी आवास को छोड़कर नए ठिकाने पर जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल कल अपने आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास से निकलेंगे और यह वहां आज उनका अंतिम दिन होगा। हालांकि, वे अपने पुराने गाजियाबाद स्थित कौशांबी वाले घर में वापस नहीं लौटेंगे। जैसा कि पहले अनुमान लगाया जा रहा था। अब उनका नया पता भी फाइनल हो चुका है, लेकिन इससे जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।



कौशांबी स्थित आवास क्यों नहीं?
कौशांबी में स्थित घर जहां केजरीवाल मुख्यमंत्री बनने से पहले रहते थे। दिल्ली के करीब स्थित है लेकिन इसे छोड़ने के पीछे कई व्यावहारिक और सुरक्षा कारण हो सकते हैं। कौशांबी गाजियाबाद के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में स्थित है। जहां मुख्यमंत्री के पद के अनुरूप सुरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करना थोड़ा कठिन हो सकता है। इसके अलावा कौशांबी घर में भी कुछ समय से मरम्मत और नवीनीकरण की जरूरतें बताई जा रही थीं। जो इसे अस्थायी रूप से रहने के लिए अनुकूल नहीं बनाता।

अब कहां रहेंगे केजरीवाल?
खबरों की मानें तो अरविंद केजरीवाल अब आम आदमी पार्टी के सांसद अशोक मित्तल के सरकारी आवास में रहने जा रहे हैं। अशोक मित्तल नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में स्थित एक सरकारी आवास में रहते हैं और अब केजरीवाल उसी आवास में अपने परिवार के साथ शिफ्ट होने वाले हैं। माना जा रहा है कि केजरीवाल के सामने पार्टी के कई नेताओं, पार्षदों, सांसदों और विधायकों ने अपने घर की पेशकश की थी लेकिन उन्होंने अशोक मित्तल के घर का चुनाव किया। केजरीवाल के इस नए आशियाने के बारे में खास बात यह है कि यह वही स्थान है जहां AAP सांसद अशोक मित्तल भी रहते हैं। मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर रहे हैं और 2022 में उन्हें आम आदमी पार्टी द्वारा पंजाब से राज्यसभा के लिए चुना गया था। बतौर सांसद उन्हें नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में एक सरकारी आवास मिला था, जहां अब अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ रहेंगे।

ये भी पढ़ें : हिंदू संगठनों द्वारा 14 मंदिरों से हटाई गईं साईं प्रतिमाएं, जानिए 28 और निशाने पर क्यों

कौन हैं अशोक मित्तल
आम आदमी पार्टी के नेता अशोक मित्तल एक सफल व्यवसायी हैं, जिन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर के रूप में ख्याति पाई। 2022 में, AAP ने उन्हें पंजाब से राज्यसभा के लिए चुना। बतौर सांसद, उन्हें नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में सरकारी आवास मिला है, जहाँ अब अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ रहने जा रहे हैं। 4 अक्टूबर को केजरीवाल परिवार मित्तल के घर में शिफ्ट होगा। अशोक मित्तल की इस यात्रा ने उन्हें राजनीति में एक प्रभावशाली स्थान दिलाया है।

आगामी चुनाव तक आतिशी संभाल रहीं दिल्ली की कमान
अरविंद केजरीवाल द्वारा मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने का दावा पेश कर दिया है। इस्तीफे के बाद आतिशी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने केजरीवाल पर बेबुनियाद आरोप लगाए और सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया। आतिशी ने केजरीवाल के फैसले को लोकतांत्रिक इतिहास का एक ऐतिहासिक कदम बताया। आतिशी ने साफ किया कि वह केवल आगामी विधानसभा चुनावों तक कार्यकारी मुख्यमंत्री रहेंगी और चुनावों में जीत के बाद केजरीवाल फिर से मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास दो मुख्य जिम्मेदारियां हैं- पहली भाजपा के षड्यंत्रों से दिल्ली के लोगों को बचाना और दूसरी, अरविंद केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाना।

Also Read