अटकलों पर मायावती ने लगाया विराम : किसी गठबंधन में नहीं होंगी शामिल, कहा- बसपा अकेले लड़ेगी चुनाव

UPT | अटकलों पर मायावती ने लगाया विराम

Mar 09, 2024 14:17

मायावती ने एक बार फिर अकेले चुनाव लड़ने का एलान दोहरा दिया है। बीते कुछ दिनों से कयास लग रहे थे कि बसपा का उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में किसी पार्टी के साथ गठबंधन हो सकता है।

Short Highlights
  • बसपा का अकेले चुनाव लड़ने का एलान
  • गठबंधन के लग रहे थे कयास
  • मायावती ने लगाया अटकलों पर विराम
New Delhi : बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने लोकसभा चुनाव से पहले बड़ी घोषणा की है। मायावती ने कहा है कि उनकी पार्टी 2024 का लोकसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ेगी। मायावती के इस एलान के बाद से ही उनके किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन की अटकलों पर विराम लग गया है।

मायावती ने क्या कहा?
मायावती ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा- 'बीएसपी देश में लोकसभा का आम चुनाव अकेले अपने बलबूते पर पूरी तैयारी व दमदारी के साथ लड़ रही है। ऐसे में चुनावी गठबंधन या तीसरा मोर्चा आदि बनाने की अफवाह फैलाना यह घोर फेक व गलत न्यूज़ है। मीडिया ऐसी शरारतपूर्ण खबरें देकर अपनी विश्वसनीयता न खोए। लोग भी सावधान रहें।'
 
उत्तर प्रदेश में भी नहीं होगा गठबंधन
मायावती ने अपने बयान में ये साफ कर दिया है कि वह उत्तर प्रदेश में भी किसी तरह का गठबंधन नहीं करेंगी। इस अफवाहों को लेकर विरोधी दलों पर तंज कसते हुए मायावती ने लिखा- 'ख़ासकर यूपी में बीएसपी की काफी मज़बूती के साथ अकेले चुनाव लड़ने के कारण विरोधी लोग काफी बैचेन लगते हैं। इसीलिए ये आए दिन किस्म-किस्म की अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते रहते हैं। किन्तु बहुजन समाज के हित में बीएसपी का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला अटल रहेगा।'

क्यों लग रही थी गठबंधन की संभावना
दरअसल मायावती ने पहले ही ये एलान कर दिया था कि बहुजन समाज पार्टी अकेले ही लोकसभा चुनाव लड़ेगी। लेकिन इसके बावजूद ऐसी खबरें आने लगीं कि मायावती का उत्तर प्रदेश में कांग्रेस या एआईएमआईएम से गठबंधन हो सकता है। दरअसल इसके पीछे भी एक ठोस वजह है। मायावती ने पिछले लोकसभा चुनावों में भी पहले अकेले ही लड़ने का एलान किया था। लेकिन चुनाव से ठीक पहले वह अपनी धुर विरोधी माने जानी वाली पार्टी सपा के साथ जुड़ गई थीं।

उत्तर प्रदेश में अभी चुनाव की क्या स्थिति?
देश में लोकसभा चुनाव को लेकर अभी तक तारीखों की घोषणा नहीं हुई है। भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें उत्तर प्रदेश की कुल 51 सीटों के नाम हैं। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी को तीसरी बार वाराणसी से टिकट दिया गया है। समाजवादी पार्टी ने भी कई सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। वहीं कांग्रेस ने भी शुक्रवार को अपनी सूची जारी की है, लेकिन इसमें उत्तर प्रदेश की एक भी सीट शामिल नहीं है। उधर सबसे कैंडिडेट लिस्ट जारी करने वाली बसपा इस बार सबसे पीछे है। बसपा ने अब तक एक भी लिस्ट नहीं दी है।

Also Read