लोकसभा चुनाव 2024 : भाजपा राज्यसभा के 19 दिग्गजों को मैदान में उतारेगी, इन सीटों से लड़ सकते हैं चुनाव

UTP | राज्यसभा के 19 दिग्गजों को मैदान में उतारने की तैयारी में बीजेपी

Dec 28, 2023 14:08

भारतीय जनता पार्टी अपने राज्यसभा सांसदों को 2024 के लोकसभा चुनाव में उतारने की तैयारी में है। इस लिस्ट में ज्योतिरादित्य सिंधिया और निर्मला सीतारमण समेत 19 दिग्गजों के नाम है। आइए आपको बताते हैं कि इन सभी को किस सीट से टिकट देने पर विचार किया जा रहा है।

Short Highlights
  • लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने कसी कमर
  • राज्यसभा सासंदों को मैदान में उतारने की तैयारी
  • सिंधिया, सीतारमण समते कई दिग्गजों का नाम
New Delhi : भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने लोकसभा चुनाव (Loksabha Chunav 2024) की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ऐसे उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है, जिनका जीतना तय है। भारतीय जनता पार्टी के उच्च पदस्थ और विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राज्यसभा में मौजूदा 19 सांसदों को आने वाले लोकसभा चुनाव में उतारा जाएगा। इनमें कई सेंट्रल मिनिस्टर और भारतीय जनता पार्टी के संगठन में दिग्गज नेता शामिल हैं। इन नेताओं को तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, बिहार, केरल, पंजाब, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश से चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।

इन्हें लड़ाया जाएगा लोकसभा चुनाव
भाजपा से मिल रही जानकारी के मुताबिक 19 राज्यसभा सांसद लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इनमें पहला नाम केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का है। सिंधिया 2019 का लोकसभा चुनाव मध्य प्रदेश की गुना सीट से हार गए थे। वह साल 2020 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा और फिर मंत्रिमंडल में जगह दी। अब सिंधिया भाजपा के टिकट पर गुना या ग्वालियर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, दोनों सीट पर फिलहाल भाजपा के सांसद हैं। दूसरा बड़ा नाम केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण हैं। वह चेन्नई से चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। निर्मला मोदी मंत्रिमंडल में टॉप-5 की हैसियत में हैं। भूपेंद्र यादव भी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। वह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। केंद्र सरकार में श्रम और पर्यावरण मंत्री हैं। अभी राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें भाजपा अलवर से टिकट दे सकती है। यह यादव वोटरों की बाहुल्य वाली सीट है।

धर्मेंद्र प्रधान, पीयूष गोयल और अनिल जैन लड़ेंगे चुनाव
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा से मैदान में उतारे जाएंगे। वह अभी मध्य प्रदेश से राज्यसभा में हैं। बताया जा रहा है कि वह संभलपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। मोदी सरकार में वाणिज्य, उपभोक्ता मामले और कपड़ा मंत्रालय जैसे तीन-तीन पोर्टफॉलियो संभाल रहे पीयूष गोयल भी चुनाव लड़ेंगे। उनके लिए मुंबई साउथ या मेरठ लोकसभा सीट मुफीद बताई जा रही है। पीयूष गोयल अभी महाराष्ट्र से राज्यसभा में हैं। डॉ. अनिल जैन फिरोजाबाद या मेरठ से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। पेशे से सर्जन अनिल जैन फिरोजाबाद के मूल निवासी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री रह चुके हैं। भाजपा के दिग्गज नेता और राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह मथुरा या गाजियाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। मतलब, हेमा मालिनी या जनरल वीके सिंह का टिकट कटना तय है।

हरदीप सिंह पुरी पंजाब और जीवीएल नरसिम्हा राव आंध्र जाएंगे
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी को भाजपा आला कमान पंजाब की अमृतसर सीट से चुनाव लड़वाने पर विचार कर रही है। यह सीट भाजपा की रही है लेकिन इस पर फ़िलहाल कांग्रेस का कब्जा है। साल 2014 के चुनाव में मोदी लहर के बावजूद अमृतसर से भाजपा के दिग्गज नेता अरुण जेटली चुनाव हार गए थे। बीजेपी के तेज़तर्रार नेता जीवीएल नरसिम्हा राव भी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्हें पार्टी आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा सीट से टिकट देने पर विचार कर रही है। बीएल वर्मा को उत्तर प्रदेश की बदायूं सीट से मैदान में उतारा जाएगा। बदायूं से भाजपा की सांसद संघमित्रा मौर्य हैं। संघमित्रा उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी हैं। यूपी के पिछले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी चले गए थे। ऐसे में संघमित्रा का टिकट कटना तय है। आपको बता दें कि संघमित्रा मौर्य ने समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता धर्मेन्द्र यादव को चुनाव हराया था।

सुरेंद्र सिंह नागर फरीदाबाद से चुनाव मैदान में उतरेंगे
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज ओबीसी नेता सुरेंद्र सिंह नागर को हरियाणा की फरीदाबाद लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। सुरेंद्र नागर की पहचान बड़े गुर्जर नेता के रूप में होती है। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर बलिया से चुनाव लड़ सकते हैं। वह समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए थे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी भी राज्यसभा में हैं। वह रायबरेली से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को टक्कर देते नजर आ सकते हैं। हालांकि, उनके लिए कानपुर लोकसभा सीट पर भी विचार चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख भाई मंडाविया और स्किल डेवेलपमेंट मिनिस्टर राजीव चंद्रशेखर भी चुनाव लड़ेंगे। मंडाविया को गुजरात के भावनगर से भाजपा उम्मीदवार बना सकती है। राजीव चंद्रशेखर नॉर्थ बेंगलुरु या केरल की किसी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।

भाजपा के कई और बड़े चेहरे मैदान में उतरेंगे
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री और संसदीय मामलों के मंत्री वेल्लमवेल्ली मुरलीधरन केरल के निवासी हैं। वह केरल में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष थे। भाजपा उन्हें त्रिवेंद्रम से उम्मीदवार बनाने की योजना बना रही है। केंद्रीय राज्यमंत्री लोगनाथन मुरुगन तमिलनाडु की किसी सीट से चुनाव लड़वाया जाएगा। वह तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। राज्यसभा से मोदी मंत्रिमंडल में शामिल नेताओं के अलावा भाजपा के कुछ नामचीन नेताओं को भी लोकसभा चुनाव लड़ाया जाएगा। इनमें राज्य सभा की सदस्य सरोज पांडे शामिल हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव रही हैं। राज्यसभा सांसद बनने से पहले वह छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से लोकसभा सांसद थीं। छत्तीसगढ़ विधानसभा की सदस्य भी रह चुकी हैं। वह दुर्ग से चुनाव लड़ेंगी। टीवी चैनलों पर भाजपा का चेहरा राकेश सिन्हा बिहार की बेगूसराय सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। राकेश सिन्हा राज्य सभा के मनोनीत सदस्य हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से वह भारतीय जनता पार्टी में आए हैं।

Also Read