दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई, 17 साल की पत्रकारिता : जानिए कौन हैं सुप्रिया श्रीनेत, जिन पर नोएडा डीएम के अकाउंट से हुई अभद्र टिप्पणी

UPT | जानिए कौन हैं सुप्रिया श्रीनेत

Sep 13, 2024 21:21

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के एक पोस्ट पर नोएडा डीएम के अकाउंट से अभद्र टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। खुद सुप्रिया श्रीनेत समेत पवन खेड़ा, प्रियंका चतुर्वेदी और अन्य नेताओं ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

Short Highlights
  • दिल्ली यूनिवर्सिटी से सुप्रिया ने की है पढ़ाई
  • सोनिया गांधी ने बनाया पार्टी प्रवक्ता
  • सोशल मीडिया की मिली जिम्मेदारी
New Delhi : कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के एक पोस्ट पर नोएडा डीएम के अकाउंट से अभद्र टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। खुद सुप्रिया श्रीनेत समेत पवन खेड़ा, प्रियंका चतुर्वेदी और अन्य नेताओं ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है। सुप्रिया श्रीनेत पहले पत्रकार भी रही हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में मास्टर्स किया है। वह लगभग 17 साल तक पत्रकारिता करती रहीं, लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस जॉइन कर ली।

2001 में की थी शुरुआत
सुप्रिया श्रीनेत ने अपने करियर की शुरुआत 2001 में इंडिया टुडे से की थी। इसके बाद, उन्होंने 2004 में एनडीटीवी में असिस्टेंट एडिटर के रूप में काम किया और 2008 में ईटी नाउ में चीफ एडिटर और पॉलिसी एडिटर का पद संभाला। उन्होंने मीडिया में 17 वर्षों तक काम किया, जिसमें उन्होंने प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाई। सुप्रिया श्रीनेत कांग्रेस के पूर्व सांसद हर्षवर्धन की बेटी हैं। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज सीट पर हर्षवर्धन ने कुल छह बार चुनाव लड़ा था।

सुप्रिया हार गई थीं पहला चुनाव
सुप्रिया श्रीनेत ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी जॉइन की। पहले, कांग्रेस ने महाराजगंज सीट पर तनुश्री त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया, लेकिन तनुश्री के नाम की विवादास्पद स्थिति के कारण पार्टी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इसके परिणामस्वरूप, चुनाव से लगभग एक महीने पहले, सुप्रिया श्रीनेत को उम्मीदवार घोषित किया गया। हालांकि इस चुनाव में वह हार गईं। उन्हें मात्र 75 हजार वोट मिले थे।

सोनिया गांधी ने बनाया पार्टी प्रवक्ता
सुप्रिया श्रीनेत के कांग्रेस में शामिल होने के बाद, उनकी भूमिकाएं तेजी से बढ़ीं। 2019 में, सोनिया गांधी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया। इस पद पर रहते हुए, उन्होंने पार्टी की नीतियों और मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी और भाजपा के नेताओं के साथ टेलीविजन डिबेट्स में सक्रिय भाग लिया। उनके तीखे जवाब के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

सोशल मीडिया की मिली जिम्मेदारी
सुप्रिया श्रीनेत की लोकप्रियता और प्रभाव को देखते हुए, कांग्रेस ने उन्हें पार्टी के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का चेयरपर्सन नियुक्त किया। सुप्रिया लगभग 2 साल से इस पद को संभाल रही हैं। उन्होंने पार्टी की ऑनलाइन उपस्थिति को सशक्त बनाने और डिजिटल रणनीतियों को सुधारने के लिए कई कदम उठाए हैं।

कांग्रेस कार्यकारी समिति में नियुक्ति
सुप्रिया श्रीनेत की बढ़ती हुई लोकप्रियता और आक्रामक अंदाज को देखते हुए, अगस्त 2023 में उन्हें कांग्रेस कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य नियुक्त किया गया। इस साल की शुरुआत में सुप्रिया श्रीनेत ने कांग्रेस के अन्य नेताओं के साथ अयोध्या का दौरा किया था। उनका कंगना रनौत के साथ विवाद भी काफी चर्चा में रहा था।

Also Read