MP में इंडिया गठबंधन आमने-सामने : सपा ने कांग्रेस के खिलाफ उतारा प्रत्याशी, बुधनी में त्रिकोणीय मुकाबला

UPT | मध्य प्रदेश में अर्जुन आर्य को सपा ने दिया टिकट

Oct 21, 2024 00:44

मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधनी में कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे के खिलाफ पूरी तैयारी के साथ उतर रही हैं। इस बीच, इंडिया गठबंधन में फूट पड़ने की खबरें भी आई ...

New Delhi : मध्य प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधनी में कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे के खिलाफ पूरी तैयारी के साथ उतर रही हैं। इस बीच, इंडिया गठबंधन में फूट पड़ने की खबरें भी आई हैं। समाजवादी पार्टी ने चुनाव में अपनी ताकत बढ़ाने के लिए अपना उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। हाल ही में कांग्रेस छोड़ने वाले अर्जुन आर्य को सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं कांग्रेस ने राजकुमार पटेल को टिकट दिया है

यह भी पढ़ें- Maharashtra Assembly Election : महाराष्ट्र में अखिलेश यादव ने रखी ये डिमांड, बोले-हम वो लोग हैं जो कभी-कभी कम सीटों पर भी संतुष्ट हो जाते हैं

इंडिया गठबंधन में आई दरार
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति अनुकूल नहीं है, जिसका असर बुधनी में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के बागी नेता अर्जुन आर्य पर दांव लगाया है और उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा कर दी है। दरअसल, अर्जुन आर्य ने हाल ही में अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। शनिवार को भाजपा ने रमाकांत भार्गव को बुधनी से अपना उम्मीदवार घोषित किया। इसके एक दिन बाद, कांग्रेस ने राजकुमार पटेल को टिकट दिया। इसके कुछ घंटों बाद ही समाजवादी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया।



शिवराज सिंह के इस्तीफे के बाद बुधनी में हो रहा उपचुनाव
साल 2023 में हुए चुनाव में शिवराज सिंह को बुधनी से विधायक चुना गया था। इसके बाद वे लोकसभा चुनाव में विदिशा से सांसद बने और बुधनी सीट छोड़ दी। इसी कारण अब बुधनी में विधानसभा उपचुनाव की घोषणा की गई है। बुधनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव 13 नवंबर को होना है। उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 28 अक्टूबर तक होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। चुनाव 13 नवंबर को होगा, और वोटों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी। इस चुनाव के लिए 363 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

बुधनी विधानसभा में इतने मतदाता...
बुधनी विधानसभा में कुल 2,76,397 मतदाता हैं, जिनमें 1,43,111 पुरुष, 1,33,280 महिला और 6 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, 194 सर्विस मतदाता भी हैं। बुधनी विधानसभा उप निर्वाचन के लिए 1,597 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। चुनाव के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए 45 सेक्टर ऑफिसर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, 45 सेक्टर अधिकारी पुलिस और 5 फ्लाइंग स्क्वाड दल भी बनाए गए हैं। यह सभी तैयारी मतदान प्रक्रिया को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए की गई है।

Also Read