अखिलेश ने LNJP अस्पताल जाकर आतिशी से की मुलाकात : सपा प्रमुख बोले- केंद्र सरकार ने किया अन्याय

UPT | अखिलेश ने LNJP अस्पताल जाकर आतिशी से की मुलाकात

Jun 26, 2024 11:15

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और आप सांसद संजय सिंह ने जल मंत्री आतिशी मार्लेना से एलएनजेपी अस्पताल में मुलाकात की। दिल्ली की जल मंत्री से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा, "वह बहादुर हैं और लड़ना जानती हैं।

New Delhi News : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी से यहां एलएनजेपी अस्पताल में मुलाकात की। अस्पताल में आप सांसद संजय सिंह भी अखिलेश यादव के साथ थे। राजधानी दिल्ली में जल संकट और हरियाणा से पानी की आपूर्ति को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी आतिशी की बिगड़ती सेहत के कारण 25 जून मंगलवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।  

अनशन खत्म कर दिया
दिल्ली सरकार में कई मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहीं आप नेता को लोक नायक अस्पताल के आपातकालीन आईसीयू में मंगलवार सुबह 3:48 बजे भर्ती कराया गया था। फिलहाल उनका अनशन खत्म कर दिया गया है। वे फल ले रही हैं। 
  फिलहाल हालत स्थिर
डॉक्टरों ने मंगलवार को कहा कि उनकी हालत स्थिर है, जांच के दौरान उनका ब्लड शुगर बहुत कम पाया गया। इसे देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है। आतिशी को जब अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब उनका ब्लड शुगर 44 था। पेशाब में कीटोन्स थे। उनकी ईसीजी में भी बदलाव पाए गए हैं, इसलिए उन्हें आईसीयू में रखना पड़ा।  

 केंद्र सरकार परेशान कर रही :अखिलेश यादव 
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी विपक्ष के इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हैं। दिल्ली की जल मंत्री से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा, "वह बहादुर हैं और लड़ना जानती हैं। वह दिल्ली के लोगों की लड़ाई लड़ती रही हैं। जब से केंद्र में भाजपा की सरकार बनी है, तब से मुख्यमंत्रियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। सरकार जरूरी मदद नहीं कर रही है। उन्होंने सबसे ज्यादा अन्याय अरविंद केजरीवाल के साथ किया है। केंद्र सरकार उन्हें परेशान कर रही है। उन्हें फिर से फर्जी केस में फंसाया गया है ताकि वह बाहर न आ सकें।" 
बता दें कि इससे पहले 22 जून को आतिशी ने हरियाणा से दिल्ली के हिस्से का पानी जारी करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी।

Also Read