केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह का बड़ा बयान : ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता, कहा- जंगलों को करेंगे डेवलप

UPT | केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह

Sep 30, 2024 11:50

गोंडा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने हाल ही में ग्लोबल वार्मिंग और पर्यटन विकास पर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान सरकार...

Gonda News : गोंडा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने हाल ही में ग्लोबल वार्मिंग और पर्यटन विकास पर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान सरकार का मुख्य उद्देश्य भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। उनका बयान रॉबर्ट वाड्रा के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया स्वरूप आया। लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्षी नेताओं के बयानों पर ध्यान देने से अधिक भारत के विकास और उन्नति पर ध्यान देना महत्वपूर्ण है।


भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य
कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा, "हमारा उद्देश्य भारत को 2047 तक दुनिया का नंबर एक देश बनाना है। अर्थव्यवस्था के मामले में हमने काफी प्रगति की है और अब हम विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं।" उन्होंने आगे बताया कि गोंडा के विकास के लिए तीन से चार हजार करोड़ रुपये की योजनाएं मंजूर हो चुकी हैं। इनमें अयोध्या से गोंडा तक के बाईपास का निर्माण और मुख्य सड़कों को जोड़ने का काम शामिल है। इस क्षेत्र के लिए इन परियोजनाओं का महत्व बहुत बड़ा है। क्योंकि इससे न केवल यात्रा सुगम होगी बल्कि स्थानीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

ग्लोबल वार्मिंग पर जताई चिंता
ग्लोबल वार्मिंग पर बोलते हुए कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा, "मौसम में हो रहे बदलावों का कारण हमारे दशकों तक पर्यावरण पर ध्यान न देना है। हमने अनगिनत पेड़ काटे, जिसका परिणाम आज हम देख रहे हैं—असमय बारिश और अलग-अलग जगहों पर बाढ़ आ रही है।" उन्होंने यह भी कहा कि विकसित देशों ने 1970 के दशक में औद्योगिकीकरण की ओर कदम बढ़ाए। जिसका पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ा। भारत का लक्ष्य है कि 2070 तक 'जीरो इमिशन' (शून्य उत्सर्जन) पर आ जाएं। सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत द्वारा उठाए गए पर्यावरणीय कदमों की सराहना की और बताया कि भारत अपने तय लक्ष्यों से कहीं अधिक हासिल कर चुका है।

अयोध्या में पर्यटन का विस्तार
सिंह ने अयोध्या में तेजी से बढ़ रहे पर्यटन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले सड़कों की स्थिति खराब थी। लेकिन अब सड़कों की कनेक्टिविटी में सुधार होने के कारण पर्यटकों की संख्या में इज़ाफा हुआ है। "लोग अब साफ-सुथरे वातावरण और अच्छी हवा का आनंद लेना चाहते हैं," उन्होंने कहा। कीर्तिवर्धन सिंह ने बताया कि गोंडा और उसके आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने गोंडा के पास 8000 हेक्टेयर में फैले टिकरी क्षेत्र का जिक्र किया, जहां पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए ओपन सफारी विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इस योजना के तहत सात विभिन्न प्रजातियों के जानवरों को जंगल में देखा जा सकेगा। इसके लिए आवश्यक वित्तीय प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जा चुके हैं।

Also Read