Fatehpur News : एक महीने में छठवीं बार युवक को सांप ने डंसा, हर हफ्ते बना रहा शिकार, पहले मौसी और अब चाचा घर पीछा करते पहुंचा

UPT | पीड़ित युवक

Jul 07, 2024 18:54

मलवां थाना क्षेत्र स्थित सौरा गांव निवासी विकास दुबे (24 वर्ष) को पहली बार सांप ने दो जून की रात लगभग 9 बजे बिस्तर से उतरते वक्त डंस लिया था। परिजनों ने विकास दुबे को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया था।

Fatehpur News : यूपी के फतेहपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक सांप युवक का पीछा कर करके उसको डंस रहा है। सवा महीने में छठवीं बार युवक को अपना शिकार बनाया है। हर बार पीड़ित युवक उपचार के बाद स्वस्थ्य हो जाता है। सांप से बचने के लिए युवक पहले अपनी मौसी के घर चला गया। सांप उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया, और पांचवी बार डंस लिया। इसके बाद युवक जान बचाकर चाचा के घर पहुंचा, तो सांप वहां भी पहुंच गया। युवक को छठवीं बार शिकार बना लिया। युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मलवां थाना क्षेत्र स्थित सौरा गांव निवासी विकास दुबे (24 वर्ष) को पहली बार सांप ने दो जून की रात लगभग 9 बजे बिस्तर से उतरते वक्त डंस लिया था। परिजनों ने विकास दुबे को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। इलाज के बाद विकास स्वस्थ्य हो गया था। परिजनों ने इसे सामान्य घटना माना था। इसके बाद 10 जून की रात लगभग 9 बजे ही सांप ने विकास को दोबारा काट लिया। परिजन फिर हॉस्पिटल ले गए और विकास स्वस्थ्य होकर घर लौट आया। इसके बाद 17 जून को घर में सांप ने तीसरी बार काट लिया। परिजन अस्पताल ले गए और युवक फिर ठीक होकर घर आ गया।

मौसी के घर पहुंच गया सांप
विकास को चौथी बार फिर सांप ने डंस लिया। परिजन फिर अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर भी हैरान रह गए। डॉक्टरों के इलाज से विकास फिर स्वस्थ्य हो गया। इस दौरान डॉक्टरों ने युवक को घर से दूर रहने की सलाह दी। युवक घर छोड़कर मौसी के घर राधा नगर चला गया। सांप युवक का पीछा करते हुए मौसी के घर पहुंच गया। सांप ने उसे मौसी के घर पर पांचवीं बार डंस लिया। युवक इलाज कराकर फिर घर लौट आया। सांप से बचने के लिए युवक चाचा के घर पहुंचा तो सांप पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया। सांप ने छठवीं बार उसे डंस लिया। युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

शरीर पर मिलते हैं सांप काटने के निशान
युवक का इलाज करने वाले डॉ. जवाहरलाल ने कहा कि यह अपने आप में हैरान करने वाली घटना है। हर बार युवक को एंटी स्नेक वेनम और इमरजेंसी दवाएं देकर ठीक करते हैं। इसके साथ ही शरीर पर सांप के काटने के साफ निशान भी बनते हैं। वहीं विकास का कहना है कि इस घटना से मैं और मेरा परिवार परेशान हो गया है। सांप के काटने के इलाज कराना पड़ता है। जिसमें घर का काफी पैसा भी खर्च हो रहा है।

सांप के काटने का हो जाता है अहसास
मेरे अंदर सांप का खौफ बैठ गया है। हर समय मेरे और परिवार के अंदर दहशत बनी रहती है। जब सांप काटने वाला होता है, तो उसे पहले ही अहसास हो जाता है। विकास के मामा कामतानाथ का कहना है कि हम सभी परेशान हैं। आखिर आज के समय में यह सब कैसे हो सकता है। जब सांप ने तीसरी बार काटा था, तो हम सभी घर पर ही बैठे थे। हम लोगों के सामने काट कर सांप निकल गया था। काफी ढूंढने के बाद भी सांप नहीं मिला था।

Also Read