Ghazipur News : अफजाल अंसारी बोले-भाजपा सरकार की साम्प्रदायिक सोच के चलते देश की संस्कृति और सभ्यता खतरे में 

UPT | चुनावी रणनीति बनाते हुए सपा पदाधिकारी।

Mar 17, 2024 18:48

जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में तन-मन से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए तानाशाही भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना ही हम सबका संकल्प है।

Ghazipur News : लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करने के लिए रविवार को समाजवादी पार्टी की बैठक जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय लोहिया भवन में हुई। बैठक में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने चुनाव जीतने की रणनीति बनाई और पार्टी को जिताने का संकल्प लिया। 

संविधान की रक्षा करनी होगी
इस दौरान जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में तन-मन से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए तानाशाही भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना ही हम सबका संकल्प है। उन्होंने कहा कि इस देश का गरीब, नौजवान, महिला और किसान भाजपा सरकार की जनविरोधी एवं तानाशाही कदमों के चलते अत्यंत दुखी है।

उन्होंने कहा कि गरीब, नौजवान, महिला और किसान को अपनी चार बिरादरियां बताने वाले पीएम मोदी को इनके दुख, तकलीफों से कुछ भी लेना-देना नहीं है। नौकरी न मिलने की दशा में इस देश का नौजवान अपनी डिग्रियां जलाकर आत्महत्या करने को मजबूर हैं। खराब कानून व्यवस्था के चलते लगातार बढ़ रही रही दुष्कर्म की घटनाओं की वजह से मां-बेटियों का घर से निकलना दूभर हो गया है। किसान एमएसपी की मांग को लेकर सड़कों पर हैं। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा भी भाजपा सरकार का जुमला ही साबित हुआ है। 

यह चुनाव हम सबके लिए चुनौती
सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि भाजपा सरकार की साम्प्रदायिक सोच के चलते देश की संस्कृति और सभ्यता खतरे में है। विविधता में एकता की वजह से दुनिया में हम जाने पहचाने जाते हैं, लेकिन भाजपा सरकार की मजहबी सोच और दकियानूसी विचारों के चलते यह पहचान भी संकट में हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव हम सबके लिए चुनौती है।

उन्होंने कहा कि हम सबके समक्ष लोकतंत्र और संविधान को बचाने की चुनौती है। यदि हम उनकी साजिश से नहीं बचे तो यह लोकतंत्र का अंतिम चुनाव होगा। यह चुनाव तय करेगा कि इस देश में लोकतंत्र कायम रहेगा कि नहीं। यदि आप चाहते हैं कि इस देश में लोकतंत्र, देश का धर्मनिरपेक्ष स्वरूप, गरीबों को मिलने वाला सामाजिक न्याय, देश का सामाजिक और साम्प्रदायिक सद्भाव कायम रहे तो इस देश से भाजपा सरकार को हर कीमत पर बेदखल करना होगा। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा अपने ऊपर किए गए जुल्मों सितम की चर्चा करते हुए कहा कि मेरी कोई खता नहीं है गरीबों के सम्मान की रक्षा करना ही मेरा कसूर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ का कारोबार करती है। हम सबको जनता के बीच जाकर इनके झूठ का पर्दाफाश करने की जरूरत है।

नौजवानों का भविष्य अंधेरे में
इस अवसर पर विधायक जय किशन साहू ने कहा कि भाजपा भीमराव अंबेडकर के संविधान को खत्म करना चाहती है। भाजपा का नैतिक पतन होने के कारण देश में आज लोकतंत्र मृत्युशैय्या पर है। भाजपा सरकार ने लगातार नौजवानों और किसानों के साथ धोखा किया है। भाजपा सरकार के पेपर लीक के चलते नौजवानों का भविष्य अंधेरे में हैं। भाजपा नौजवानों को नौकरी देना नहीं चाहती इसलिए पेपर लीक की साजिश रचती है। उन्होंने कहा कि दंभपूर्ण बोल, आचरण और वादाखिलाफी के चलते जनता भाजपा का साथ छोड़ चुकी है। आज की तारीख में पीडीए तबके के साथ साथ पूरी जनता समाजवादी पार्टी के साथ खड़ी है।

इस सरकार में नैतिक मूल्यों का हो रहा है हनन
भाजपा सरकार का जुल्म लगातार बढ़ता जा रहा है। न उसे लोकतांत्रिक मान्यताओं का ख्याल है और न ही संवैधानिक मर्यादाओं का। उनके जुल्म और दमन से प्रदेश का नौजवान, किसान,छात्र ,व्यापारी सभी आक्रोशित हैं। समाजवादी पार्टी उनके जुल्म और दमन का डटकर मुकाबला करेंगी।लगातार बढ़ती बेरोजगारी,भ्रष्टाचार से उपजे जनाक्रोश के चलते धर्म की आड़ में छिप रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का बेरोजगार नौजवान रोजगार न मिलने के चलते अपनी डिग्रियाँ फूंक रहा है और आत्महत्या कर रहा है। इस सरकार के अंदर न नैतिकता है न संवेदना। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस बैठक में जनपद के सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Also Read