साहित्य चेतना समाज : प्रतियोगिताओं की तैयारी पर चर्चा, कहा- 20 विद्यालयों के छात्र बड़ी संख्या में भाग लेने के लिए उत्साहित

UPT | बैठक में भाग लेते साहित्य चेतना समाज के लोग।

Sep 14, 2024 16:44

गाजीपुर की साहित्य चेतना समाज संस्था की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संस्था केजंगीपुर केंद्र के प्रभारी के आवास पर संपन्न हुई।

Ghazipur News : गाजीपुर की साहित्य चेतना समाज संस्था की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संस्था केजंगीपुर केंद्र के प्रभारी विद्युत प्रकाश के आवास पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता गंगा विशुन यादव ने की और संचालन अंकित गुप्ता द्वारा किया गया।

संस्था का उद्देश्य और गतिविधियां 
बैठक में संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी 'अमर' ने संस्था के उद्देश्य और उसकी विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्था का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को उभारना और उन्हें एक मंच प्रदान कर सम्मानित करना है। इसके लिए संस्था सालभर सक्रिय रहती है और बिना किसी शासकीय सहायता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। हर साल जनपद स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को संस्था के वार्षिक समारोह में पुरस्कृत और सम्मानित किया जाता है।

प्रतियोगिताओं का स्वरूप
प्रतियोगिता प्रभारी प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि गाजीपुर नगर, जंगीपुर और रेवतीपुर केंद्रों पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में सामान्य ज्ञान, निबंध, गणित, चित्रकला, विचार-अभिव्यक्ति, सुलेख और श्रुतलेख जैसी विधाओं को शामिल किया गया है। ये प्रतियोगिताएं चार वर्गों में आयोजित की जा रही हैं, जिसमें कक्षा चार से बारह तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।

जंगीपुर केंद्र की भागीदारी
जंगीपुर केंद्र के प्रभारी विद्युत प्रकाश ने बताया कि जंगीपुर और उसके आसपास के लगभग 20 विद्यालयों के छात्र बड़ी संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं। उनकी भागीदारी से प्रतियोगिताओं में सकारात्मक ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा का माहौल बनेगा। 

बैठक के प्रमुख निर्णय
बैठक में सभी सदस्यों ने इन प्रतियोगिताओं को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही, प्रतियोगिताओं की जानकारी अधिक से अधिक छात्रों तक पहुँचाने के लिए विभिन्न विद्यालयों से संपर्क साधने की योजना भी बनाई गई। 

इस बैठक में आलोक कुमार सिंह, राजेश वर्मा, सुनील कुमार गुप्ता, मनीष कुमार गुप्ता, अवधेश कुमार और अभिनय कुमार सिंह जैसे कई प्रमुख लोग उपस्थित थे। सभी ने प्रतियोगिताओं के आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अपने विचार साझा किए। 

Also Read