बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार : वाराणसी की सड़कों पर गूंजा विरोध, व्यापारियों ने निकाली रैली

UPT | व्यापारियों ने निकाली रैली

Aug 11, 2024 13:40

बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भारत में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस संदर्भ में वाराणसी में व्यापार मंडल द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया...

Varanasi News : बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भारत में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस संदर्भ में वाराणसी में व्यापार मंडल द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बांग्लादेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रकट किया गया। रैली में शामिल व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं बेहद चिंताजनक और दुखद हैं।

भारतीय हिंदुओं में गहरा आक्रोश और नाराजगी
वाराणसी व्यापार मंडल के नेतृत्व में रविवार को सिगरा से साजन सिनेमा तक रथयात्रा आयोजित की गई, जो कि अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा, महामंत्री कविंद्र जायसवाल और युवा अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में विशाल रैली के रूप में संपन्न हुई। इस रैली में व्यापारियों ने बांग्लादेश में इस्लामिक कट्टरपंथियों द्वारा अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों की निंदा की। उन्होंने बताया कि बांग्लादेश में तख्ता पलट के बाद हिंदुओं के खिलाफ लूटपाट और बलात्कार की घटनाएं बढ़ गई हैं। हिंदुओं के खिलाफ बर्बरता और हत्या की घटनाओं के कारण भारत में रह रहे हिंदुओं में गहरा आक्रोश और नाराजगी है।

व्यापार मंडल ने दी चेतावनी
अजीत सिंह बग्गा ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं को लक्षित कर उनके मंदिरों पर तोड़फोड़ की जा रही है। व्यापारियों ने इस अत्याचार का विरोध किया है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के लिए चार दिन का अल्टीमेटम दिया है। यदि इस अवधि के भीतर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो व्यापार मंडल के पदाधिकारी जबरदस्ती रोहिंग्या बांग्लादेशी मुसलमानों को बनारस से बाहर निकालने का निर्णय लेंगे।

व्यापार मंडल ने दिखाया गुस्सा
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि बांग्लादेश में हर दिन हिंदुओं के साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा है, जिसे व्यापारी समुदाय बर्दाश्त नहीं करेगा। अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने बताया कि बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के शुरू होने के बाद से हिंदू समाज और उनके मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा था, लेकिन तख्तापलट के बाद इन घटनाओं में वृद्धि हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार मंडल ने राष्ट्रपति के माध्यम से भारत सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा और मंदिरों की रक्षा को लेकर हस्तक्षेप करने की अपील की है।

'भारत सरकार को इस स्थिति में हस्तक्षेप करना चाहिए'
बांग्लादेश में निवास करने वाले लाखों हिंदू हमारे परिवार के सदस्य हैं और बंगाली भाइयों के समान रिश्तेदार हैं। इन घटनाओं से वे लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। अब बांग्लादेश में हिंदुओं का जीवन सामान्य नहीं रह गया है। भारत सरकार को इस स्थिति में हस्तक्षेप कर हिंदुओं की सुरक्षा, उनके मंदिरों की सुरक्षा और उनकी संपत्तियों की रक्षा के बारे में अपना स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए।

Also Read