Agra News : हाथरस हादसे के बाद प्रशासन का बड़ा फैसला, बाबा के दो विशाल आयोजन रद्द किए... 

UPT | आगरा पुलिस ने रद्द की भोले बाबा के सत्संग की मंजूरी।

Jul 03, 2024 16:02

हाथरस के सिकंदराराऊ में हुए वीभत्स हादसे में 121 बेकसूर लोगों की जान जा चुकी है। इतने वीभत्स हादसे का मुख्य आरोपी नारायण साकार हरि उर्फ़ भोले बाबा अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। हाथरस के बाद...

Agra News : हाथरस के सिकंदराराऊ में हुए वीभत्स हादसे में 121 बेकसूर लोगों की जान जा चुकी है। इतने वीभत्स हादसे का मुख्य आरोपी नारायण साकार हरि उर्फ़ भोले बाबा अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। हाथरस के बाद आगरा में दो विशाल कार्यक्रम प्रस्तावित थे। जिनमें एक सैंया और दूसरा सिकंदरा थाना क्षेत्र में नारायण साकार विश्व हरि भोले बाबा के सत्संग होने थे। यह हाथरस से भी बड़े आयोजन थे। जिसके लिए आयोजकों ने अनुमति ले ली थी। मगर, हाथरस हादसे के बाद आगरा पुलिस प्रशासन ने सत्संग की अनुमति को निरस्त कर दिया है। 

कई राज्यों से आते हैं अनुयायी
आगरा में नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा के लाखों अनुयायी हैं। आगरा में हर साल भोले बाबा का विशाल सत्संग होता है। जिसमें आगरा के साथ ही राजस्थान और मप्र के अनुयायी भी शामिल होने के लिए आते हैं। आगरा में पहले कोठी मीना बाजार में सत्संग होता था। मगर, यहां पर अनुयायियों की संख्या अधिक होने लगी तो शहर के बाहर शास्त्रीपुरम में सत्संग आयोजित किया जाने लगा। 

यहां प्रस्तावित थे दो आयो​जन
बताया जा रहा है कि भोले बाबा का आगरा के सैंया थाना क्षेत्र में ग्वालियर रोड पर नगला केसरी में विशाल सत्संग प्रस्तावित था। जिसे अनुयायियों ने मानव पावन महापर्व नाम दिया था। इस सत्संग के लिए करीब 40 बीघा जमीन पर पंडाल लगाया जाना था। जिसकी तैयारी अंतिम चरण में थी। पास के ही रिसॉर्ट में भोले बाबा के रुकने की व्यवस्था की गई थी। भोले बाबा के मानव पावन महापर्व कार्यक्रम चार से 11 जुलाई तक चलता। मगर, हाथरस हादसे के बाद पुलिस ने बगैर किसी देरी के सत्संग की अनुमति को निरस्त कर दिया। इसके बाद शास्त्रीपुरम में जेसीबी चौराहे के पास मैदान में 13 से 23 जुलाई तक भोले बाबा का सत्संग प्रस्तावित था। इसके लिए भी आगरा कमिश्नरेट पुलिस से अनुमति ले ली गई थी। इस सत्संग कार्यक्रम को लेकर तैयारी चल रही थीं। 

पुलिस ने रद्द की मंजूरी
डीसीपी पश्चिमी जोन सोनम कुमार ने बताया कि हाथरस में सत्संग हादसे को देखते हुए आगरा में आयोजित होने वाले सत्संग कार्यक्रम की अनुमति पर चर्चा की गई। उसके बाद सैंया और सिकंदरा थाना क्षेत्र में होने वाले सत्संग की अनुमति को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।

Also Read