खुशखबरी : आगरा से लखनऊ के बीच जल्द दौड़ेगी देश की दूसरी मेट्रो वंदेभारत ट्रेन, इस दिन होगी समय, स्थान व किराए की घोषणा

UPT | आगरा से लखनऊ के बीच जल्द दौड़ेगी देश की दूसरी मेट्रो वंदेभारत ट्रेन।

Oct 03, 2024 16:47

आगरा को जल्द देश की दूसरी मेट्रो वंदेभारत ट्रेन (नमो भारत रेपिड रेल) मिलने जा रही है। रेलवे बोर्ड दीपावली के आसपास आगरा कैंट से लखनऊ के बीच मेट्रो वंदेभारत ट्रेन चलाने की तैयारी में है...

Agra News : आगरा को जल्द देश की दूसरी मेट्रो वंदेभारत ट्रेन (नमो भारत रेपिड रेल) मिलने जा रही है। रेलवे बोर्ड दीपावली के आसपास आगरा कैंट से लखनऊ के बीच मेट्रो वंदेभारत ट्रेन चलाने की तैयारी में है। आगरा रेल मंडल ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह मेट्रो वंदेभारत ट्रेन आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी का स्थान ले सकती है। रेलवे बोर्ड जल्द ही ट्रेन के चलने की तारीख, समय और किराए की घोषणा करेगा।

आगरा से लखनऊ के बीच दौड़ाने की तैयारी
रेलवे की दृष्टि से आगरा काफी महत्वपूर्ण है। देश के उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूरब से लेकर पश्चिम तक अधिकांश ट्रेन आगरा कैंट व आगरा फोर्ट से होकर ही गुजरती हैं। रेलवे बोर्ड इसी को ध्यान में रखते हुए आगरा को अब तक पांच वंदेभारत ट्रेन की सौगात दे चुका है। अब बारी देश की दूसरी मेट्रो वंदेभारत ट्रेन को आगरा से लखनऊ के बीच दौड़ाने की तैयारी है। आगरा रेल मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे की बोर्ड की ओर से देश की दूसरी मेट्रो वंदेभारत ट्रेन के परिचालन के लिए आगरा रेल मंडल को तैयारियां करने के लिए कह दिया गया है। नमो भारत रेपिड रेल के नाम से जानी जाने वाली मेट्रो वंदेभारत ट्रेन संभवत: आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी का स्थान ले सकती है।

पांच वंदेभारत, एक वंदे मेट्रो सिर्फ आगरा में
इस वर्ष के अंत तक आगरा देश का पहला ऐसा शहर बन जाएगा जहां से पांच वंदेभारत और एक वंदे मेट्रो ट्रेन का परिचालन होगा। पांच वंदेभारत और एक मेट्रो वंदेभारत सिर्फ आगरा में होगा। अभी यहां आगरा कैंट-बनारस वंदेभारत, आगरा कैंट-उदयपुर वंदेभारत (सप्ताह में तीन दिन), हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति वंदेभारत, हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदेभारत आगरा कैंट से चल रही हैं अथवा गुजर रही हैं। रेलवे आगरा को पांचवी वंदेभारत ट्रेन की सौगात देने जा रहा है। रेलवे बोर्ड आगरा कैंट से जोधपुर के बीच वंदेभारत चलाने जा रहा है। जोधपुर-साबरमती के मध्य चल रही वंदेभारत ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन वाया जयपुर आगरा तक चलाने की योजना है। ट्रेन उन तीन दिनों में संचालित होगी जिन दिनों में आगरा कैंट-उदयपुर वंदेभारत संचालित नहीं होती है। आगरा कैंट-जोधपुर वंदेभारत के परिचालन, समय-सारिणी व किराए की घोषणा भी जल्द होगी।सप्ताह में छह दिन चलेगी मेट्रो वंदेभारत

मेट्रो वंदेभारत ट्रेन का परिचालन सप्ताह में छह दिन होगा
अभी यह तय नहीं हुआ है कि ट्रेन का रखरखाव आगरा में होगा अथवा लखनऊ में। उम्मीद है कि दीपावली के आसपास ट्रेन का परिचालन शुरू हो सकता है। जल्द ही रेलवे आगरा से लखनऊ के बीच मेट्रो वंदेभारत ट्रेन के परिचालन की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। इसके साथ ही रेलवे ट्रेन के परिचालन की तारीख, समय-सारिणी व किराए की भी घोषणा करेगा। पीआरओ आगरा रेल मंडल प्रशस्ति श्रीवास्तव ने कहा कि आगरा कैंट-लखनऊ वंदे मेट्रो ट्रेन के परिचालन को लेकर अभी आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। पत्र प्राप्त होते ही ट्रेन के परिचालन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।

Also Read