सावधान : आगरा में दिल्ली का सुपर चोर आपराधिक वारदातों को दे रहा अंजाम, पुलिस दबोचने में जुटी...

UPT | थाना न्यू आगरा

Oct 13, 2024 12:18

आगरा में आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, त्योहारी सीजन में पुलिस की चौकसी और निगरानी भी अपराध रोकने में नाकाम साबित हो रही है। आगरा ही नहीं बल्कि दिल्ली के सुपर चोर भी शहरी क्षेत्र में वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

Agra News : आगरा में आपराधिक वारदातें बढ़ रही हैं। त्योहारी सीजन में पुलिस की सक्रियता एवं निगरानी भी वारदातों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। आगरा के अपराधियों के साथ-साथ दिल्ली के कुख्यात "सुपर चोर" भी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। यह जानकारी सात अक्टूबर को हुई एक चोरी के मामले में सामने आई है। 

पुलिस ने चेन लूट का आरोपी गिरफ्तार किया
बताया जा रहा है कि दयालबाग सत्संग सभा के पदाधिकारी की पत्नी से चेन लूटने के एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि दिल्ली के सुपर चोर के साथ उसने शराब खरीदने के लिए इस लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब सुपर चोर की तलाश में जुटी है। 


लूट का माल बरामद
थाना न्यू आगरा के दयाल बाग में अदन बाग निवासी रिटायर्ड रेलवे अधिकारी विधु कश्यप की पत्नी गायत्री से 7 अक्तूबर की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूटी थी। बदमाश का एक साथी पहले से बाइक स्टार्ट करके खड़ा हुआ था। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने वारदात में शामिल जउपुरा, सिकंदरा निवासी शिव कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूट की चेन, बाइक और 200 रुपये बरामद किए हैं। 

वारदात में दिल्ली का चोर भी शामिल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात में दिल्ली निवासी संजय पहाड़िया उसके साथ मौजूद था। संजय पहाड़िया मूलत: ग्राम बिलावली, खेरागढ़ का निवासी है। पुलिस ने उसके बारे में छानबीन की तो पता चला कि संजय पहाड़िया दिल्ली में सुपर चोर के नाम से जाना जाता है। वह लग्जरी गाड़ियां चुराता है। हाईटेक सिस्टम को टैबलेट से क्रैक कर देता है। उसके खिलाफ दिल्ली के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

शराब पीने के लिए की थी लूट की वारदात
आरोपित शिव कुमार ने पूछताछ में बताया कि दिल्ली के बसंत विहार में भी उसने चेन स्नेचिंग की एक घटना को अंजाम दिया था। उसने बताया कि संजय उससे मिलने आया था। शराब पीनी थी। जेब में रुपये नहीं थे, इसलिए चेन लूटने की घटना को अंजाम दिया। इससे पहले लूटी चेन 10 हजार रुपये में बेची थी। उस चेन में हीरे का लॉकेट भी था। पुलिस संजय की तलाश में जुटी हुई है। 

ये भी पढ़ें:-  डिजिटल अरेस्ट की घटना को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को आगरा पुलिस ने किया गिरफ्तार : गैंग का मुखिया था इंजिनियरिंग संकाय का टॉपर  

Also Read