Mathura News : संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, फंदे से लटका मिला शव

UPT | शोकाकुल परिजन

Jun 20, 2024 09:50

मथुरा में एक विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। उसके मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। महिला के भाई का कहना है कि उसकी बहन की हत्या उसके जीजा के किसी दूसरी महिला से प्रेम संबंध के चलते की गई है।

Mathura News : कोसीकलां थाना क्षेत्र के कस्बा पुलिस चौकी अंतर्गत हरदेव गंज में संजू पत्नी जितेंद्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ही घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। जिससे ससुराल पक्ष के लोग सकते में आ गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पंखे से नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां पुलिस ने मृतक महिला के पति, ससुर व देवर से घटना की जानकारी ली।

हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप
पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच लगभग हर दिन झगड़ा होता था। महिला की मौत की खबर सुनते ही उसके मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। मायके वालों ने पति व ससुराल वालों पर उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन के पति ने किसी दूसरी महिला से प्रेम प्रसंग के चलते उसकी बहन की हत्या की है। जिसकी फोटो उनके पास है। इसी के चलते दोनों के बीच लगभग हर दिन झगड़ा होता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक महिला के पति को हिरासत में ले लिया है और महिला के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

Also Read