लोकसभा चुनाव 2024 : यूपी के मंत्री ने कहा- सोनिया ने देश का अपमान किया, RSS को हिन्दू आतंकी...    

UPT | कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह पहुंचे अलीगढ़

May 03, 2024 16:28

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को इगलास में आयोजित पार्टी के सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी के रायबरेली से नामांकन करने के सवाल पर कहा कि भाजपा...

Short Highlights
  • पहले कांवड़ यात्रा और राम बारात पर प्रतिबंध लगते थे 
  • सोनिया गांधी ने देश का किया अपमान 
Aligarh News : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को इगलास में आयोजित पार्टी के सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी के रायबरेली से नामांकन करने के सवाल पर कहा कि भाजपा यहां जीत दर्ज करेगी और यूपी की सभी 80 सीट जीतेंगी। कांग्रेस की हालत सही नहीं है। यूपी में कांग्रेस कहीं नहीं है। कांग्रेस, सपा, बसपा कभी अपनी लोकप्रियता के आधार पर सत्ता में नहीं आई। कभी सपा, बसपा को निपटाती थी। कभी बसपा, सपा को निपटाती थी। पहली बार योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के अंदर 2017 और 2022 में चुनाव जीते। लोकसभा में 2014 और 2019 का चुनाव भी जीते। अब 2024 में एकतरफा चुनाव जीतकर सरकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता परिश्रम कर रहे हैं और जनता के आशीर्वाद से एक बार फिर चुनाव जीतेंगे और गरीबों की सेवा करेंगे। 

पहले कांवड़ यात्रा और राम बारात पर प्रतिबंध लगते थे
मंत्री ने कहा कि आपने सपा, बसपा का शासन देखा है। ये देश को लूटने का काम करते थे। आज सीएम योगी और पीएम मोदी के नेतृत्व में चार करोड़ लोगों को पक्का मकान मिला है। शौचालय, आयुष्मान कार्ड, गैस और बिजली का कनेक्शन है। बुंदेलखंड में जब सूखा पड़ता था, मां अपने बच्चों को भूख से तड़पते देखती थी, तब चूल्हे पर बटोही चढ़ा देती थी। उसमें 10-15 कंकड़ डाल देती थी और बच्चों से कहती थी कि भोजन पक रहा है। चावल पक रहा है और शाम तक मां-बेटे दम तोड़ देते थे। लेकिन, कोरोना वैश्विक बीमारी में कोई भी भूख से सोया नहीं और कोई भी भूख से मरा नहीं। 80 करोड़ लोगों को भोजन देने का काम पीएम मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले शाम को पांच बजे के बाद बेटी घर से बाहर नहीं निकल सकती थी। कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध, राम बारात पर प्रतिबंध, टीका लगाकर लोग नहीं जा सकते थे। वहीं, योगी आदित्यनाथ के आने के बाद आज बेटी 12 बजे रात को अयोध्या दर्शन करके लौट सकती है।

सोनिया गांधी ने देश का किया अपमान
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने 10 साल शासन चलाया, जिसमें देश का अपमान किया। शंकराचार्य की गिरफ्तारी करवाई, राम सेतु में राम को नकारा, आरएसएस को हिंदू आतंकवादी कहा, देश को लूटकर भ्रष्टाचार किया। इतना डरा दिया कि हिंदुओं ने टीका लगाना बंद कर दिया और मंदिर जाना बंद कर दिया।  लेकिन एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बना। दुनिया का कोई भी राष्ट्रपति आया तो काशी में जलाभिषेक किया। एक झटके में धारा 370 हटाया। आज भी श्रीनगर के लाल चौक पर भारत माता की जय बोला जाता है और तिरंगा झंडा फहराया जाता है। जब तक पीएम मोदी हैं तिरंगा झंडा फहराएगा। उन्होंने कहा कि ऐसा मत सोचो की परमानेंट झंडा फहरेगा। आज भी आतंकवाद समाप्त नहीं हुआ है। मोदी के डर के मारे आतंकी घर बैठे हैं। आज भी तिरंगा झंडा कश्मीर के अंदर है, क्योंकि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। अगर कोई दूसरा आएगा तो कल तिरंगा झंडा उतरवा देंगे और आतंकवादी गतिविधियां चालू हो जाएंगी। सेना पर पत्थर चलने लगेंगे, लेकिन जब तक पीएम मोदी हैं, किसी की हैसियत नहीं है कि वह आतंकवादी गतिविधियां करें। 

सरकार सभी की चिंता करती है
मंत्री ने कहा कि 2014 के पहले की स्थिति को देखा और 2017 से पहले राज्य की स्थिति को देखा। 2014 से पहले बम फटते थे, श्रीनगर, ताज होटल और संसद में बम फटते थे। काशी-अयोध्या में बम फटते थे। आज 2014 के बम नहीं फटते हैं। मोदी की सेना पाकिस्तान के अंदर घुसकर मारती है। आज सभी घरों में नल का कनेक्शन है, शौचालय है। सरकार सभी की चिंता करती है। 

Also Read