हाथरस के गुनहगारों ने खोला मुंह : पुलिस ने की सख्ती तो बोले- हमारा काम चंदा और भीड़ जुटाना, हम ही....

UPT | नारायाण साकार हरि भोले बाबा

Jul 04, 2024 18:05

हाथरस में हुए हादसे के संबंध में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने श्रद्धालुओं को भोले बाबा के चरणरज लेने के लिए अनियंत्रित छोड़ दिया, जिसके परिणामस्वरूप भगदड़ मच गई।

Hathras News : हाथरस में हुए हादसे के संबंध में गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों ने पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने श्रद्धालुओं को भोले बाबा के चरणरज लेने के लिए अनियंत्रित छोड़ दिया, जिससे बाद में भगदड़ मच गई। जब स्थिति बिगड़ती देखी, तो ये सेवादार वहां से भाग निकले। यह जानकारी अलीगढ़ मंडल के आईजी शलभ माथुर ने दी है।

चंदा और भीड़ जुटाने से मतलब
अलीगढ़ मंडल के आईजी शलभ माथुर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति आयोजन समिति के सदस्य और सेवादार थे। उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी भीड़ इकट्ठा करना, चंदा एकत्र करना और भीड़ नियंत्रण था। वे अन्य व्यवस्थाओं जैसे पांडाल, पार्किंग, बिजली आपूर्ति और सफाई के लिए भी जिम्मेदार थे। उन्हें भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए विशेष वर्दियां दी गई थीं। गिरफ्तार व्यक्तियों ने बताया कि वे आमतौर पर बाबा के काफिले को भीड़ के बीच से निकालने में मदद करते हैं।

भगदड़ मची तो भाग निकले
आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि सत्संग के बाद जैसे ही काफिला आगे निकला, सेवादारों ने भीड़ को अनियंत्रित छोड़ दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। वहां पर महिलाएं व बच्चे एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। इसके बाद सेवादार वहां से भाग निकले। जांच में पता चला है कि ये लोग पुलिस प्रशासन को आयोजन की फोटो, वीडियो बनाने से भी रोकते थे।

इन पर पुलिस ने शिकंजा कसा
पुलिस ने इस मामले में 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है और 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सत्संग आयोजन समिति से जुड़े 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में राम लडैते यादव, मंजू यादव, उपेंद्र सिंह यादव, मंजू देवी यादव, मेघ सिंह और मुकेश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया है। जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन सेवादारों में से किसी ने कोई आपराधिक साजिश रची थी।

भोले बाबा की गिरफ्तारी होगी?
भोले बाबा से पूछताछ या उसकी गिरफ्तारी के सवाल पर शलभ माथुर ने कहा कि सबकी भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना में आगे किसी की भूमिका निकलकर आएगी तो कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ेगी तो पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाबा के खिलाफ आगरा में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। बाबा के खिलाफ अगर और कहीं मामला दर्ज किया गया होगा तो उसकी जानकारी ली जा रही है। 

Also Read