श्रीराम मंदिर दर्शन : 30 राष्ट्रों के 90 भारतीयों संग 400 भक्त पहुंचे अयोध्या, जयकारों के साथ किए दर्शन

UPT | दर्शन करने पहुंचे भक्त

Apr 22, 2024 22:11

बालस्वरूप श्री रामलला जब से अपने दिव्य भव्य मंदिर में विराजे हैं। तब से देश विदेश से श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचने का क्रम बना हुआ है। एक अनुमान है कि...

Short Highlights
  • हनुमान चालीसा पाठ और श्रीराम लला के जयकारों के साथ किए दर्शन
  • राम नामी दुपट्टा ओढ़ाकर चंदन का तिलक लगााया, किया स्वागत
  • प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब तक लगभग 1.5 करोड़ राम भक्त पहुंचे दर्शन करने
Ayodhya News (Arun Pathak) : बालस्वरूप श्री रामलला जब से अपने दिव्य भव्य मंदिर में विराजे हैं। तब से देश विदेश से श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचने का क्रम बना हुआ है। एक अनुमान है कि 22 जनवरी 24 को प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अब तक लगभग 1.5 करोड़ राम भक्तों ने श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर परिसर पहुंच कर दर्शन पूजन किए है। राज्यपाल हों या मुख्यमंत्री राज्यों के मंत्रिमंडल के साथ अफसरों ने भी रामलला के दर्शन किए हैं। 

30 देशों के 90 प्रवासी भारतीयों संग 400 श्रद्धालुओं की टोली पहुंची अयोध्या
सोमवार को हनुमान चालीसा पाठ व श्रीरामलला के जयकारों के साथ  30 देशों के 90 प्रवासी भारतीयों संग 400 श्रद्धालुओं की टोली ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। इनका नेतृत्व वैश्विक भारत ब्रांड एंबेस्डर व अध्यक्ष दिल्ली स्ट्डी ग्रुप डॉ विजय जौली, पूर्व भाजपा विधायक दिल्ली ने किया। सभी श्रद्धालुओं को राम नामी दुपट्टा ओढ़ाकर माथे पर चंदन का तिलक लगााया गया। इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख राम लाल, विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक दिनेश, उज्बेकिस्तान के व्यवसायी अशोक के तिवारी (प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित), भूपेंद्र कंसल (महामंत्री हिमालय परिवार) विशेष रूप से उपस्थित रहे।  

इन देशों के राजदूतों और नागरिकों ने किए दर्शन
अयोध्या पहुंचने वालों में प्रमुख रूप से भूटान राजदूत मेजर जनरल वेत्सोप नामग्याल, काउंसलर दोरजिक किंजांग, चीन गणराज्य (ताइवान) प्रतिनिधि कुमारी त्साई जेन चुन, भारत में रोमानिया महावाणिज्य दूत विजय मेहता, टुवालू महावाणिज्य दूत डॉ दीपक जैन और निर्वासित तिब्बत संसद स्पीकर खेंपो सोनम तेनफेल उपस्थित रहे। बताया गया है कि रविवार शाम ये सभी श्रद्धालु सरयू घाट पर आरती में भी शामिल हुए। इस टोली ने हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंचकर राम भक्त बजरंगबली का आशीर्वाद भी लिया।  

इन देशो के प्रवासी भारतीय पहुंचे दर्शन करने
दर्शन करने वाले प्रवासी भारतीयों में ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, भूटान, कनाडा, कोलंबिया, कंबोडिया, जॉर्जिया, गुयाना, केन्या, कजाकिस्तान, मलेशिया, मोजाम्बिक, मकाऊ, नाइजीरिया, नेपाल, नॉर्वे, रोमानिया, रवांडा, स्पेन, सिंगापुर, सिंट मार्टेन, चीन गणराज्य (ताइवान), ताजिकिस्तान, त्रिनिदाद एण्ड टोबैगो, तुवालु, तिब्बत, युगांडा, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त अरब अमीरात, उज्बेकिस्तान, संयुक्त राज्य अमेरिका इत्यादि देशों के प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी के भोजन की व्यवस्था दिल्ली के समाजसेवी गोपाल गर्ग ने की। ज्ञातव्य है कि बीते वर्ष 23 अप्रैल 2023 को डॉ जौली की पहल पर 156 देशों और 7 महाद्वीपों की नदियों और समुद्रों के जल से राम मंदिर में अभिषेक किया गया था।

Also Read