Chitrakoot News : जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर भड़के डीएम, अफसरों को दी ये चेतावनी...

UPT | जिला अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम।

Sep 28, 2024 15:47

चित्रकूट के संयुक्त जिला अस्पताल का जिलाधिकारी शिवशरण अप्पा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अस्पताल की अव्यवस्थाओं और गंदगी पर भड़क गए। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी...

Chitrakoot News : चित्रकूट के संयुक्त जिला अस्पताल का जिलाधिकारी शिवशरण अप्पा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अस्पताल की अव्यवस्थाओं और गंदगी पर भड़क गए। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।

अस्पताल का हर कोना ​देखा
अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को देखकर जिलाधिकारी ने सीएमएस डॉ. वंदना श्रीवास्तव को तत्काल सफाई के बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों जैसे डॉक्टरों की उपस्थिति पंजिका, इमरजेंसी वार्ड, महिला-पुरुष वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, एक्स-रे रूम, सिटी स्कैन और दवा वितरण कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया।

छत टपकने पर गुस्सा गए डीएम
निरीक्षण के दौरान नवनिर्मित 32 बेड की हाई डिपेंडेंसी यूनिट की बिल्डिंग में छत के टपकने की शिकायत सामने आई, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। इसके अलावा, अस्पताल परिसर में स्थित पुलिस चौकी में ताला बंद मिलने पर भी डीएम ने असंतोष जाहिर किया और संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए। 

अस्पताल में हड़कंप
जिलाधिकारी शिवशरण अप्पा के इस औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अब उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार देखा जा सकेगा।

Also Read