Gonda News : घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ा, खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर ऊपर बहने से क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति

UPT | घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ा।

Sep 14, 2024 01:45

नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा तटीय इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए चेतावनी...

Gonda News : गोंडा में घाघरा नदी बीते 12 घंटे पहले खतरे के निशान से 12 सेंटीमीटर नीचे बह रही थी, वहीं अब 12 घंटे बाद इसका जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए खतरे के निशान से 25 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। नदी में लगातार लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई है।  
घाघरा नदी में आज दोपहर 12 बजे 4 लाख 10 हजार 822 क्यूसेक, और दोपहर 3 बजे 4 लाख 18 हजार 192 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। तेजी से बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ खंड और आपदा विशेषज्ञ विभाग के अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं।
तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा तटीय इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए चेतावनी दी जा रही है। ऐली परसौली गांव में आज राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सभी ग्रामीणों को ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए निर्देशित किया है। इस प्रक्रिया का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें लेखपाल अंकित वर्मा लोगों को सुरक्षा के उपायों की जानकारी दे रहे हैं।   प्रशासन की तैयारियां गोंडा अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया गया है और सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। तटीय इलाकों के लोगों को जागरूक करके ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।

Also Read