Maharajganj News : महराजगंज में पकड़ी गई चीनी महिला, भारत में घुसने की कर रही थी कोशिश

UPT | महराजगंज में पकड़ी गई चीनी महिला

Jun 26, 2024 17:38

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों ने अवैध रूप से घुसपैठ कर रही एक चीनी महिला को पकड़कर जेल भेज दिया। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह अप्रैल 2024 में चीन से नेपाल आई थी। तब से ...

Maharajganj News : सोनौली सीमा से सटे पगडंडी रास्ते से नेपाल से भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रही एक चीनी महिला को एसएसबी की 66वीं बटालियन ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि एसएसबी के जवान बुधवार की सुबह गश्त पर थे। इस दौरान सोनौली कोतवाली क्षेत्र के डंडा पुल के पास पगडंडी रास्ते से एक युवती भारतीय सीमा में प्रवेश करती दिखी। एसएसबी के जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की लेकिन युवती की भाषा समझ में नहीं आ रही थी। विदेशी महिला होने का संदेह होने पर उसे तत्काल पकड़कर इमिग्रेशन अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। इमिग्रेशन अधिकारियों व सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई पूछताछ व दस्तावेजों की जांच से यह साबित हो गया कि युवती चीनी नागरिक है।

भारत के दलाई लामा से प्रभावित है
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह अप्रैल 2024 में चीन से नेपाल आई थी। तब से वह वापस नहीं लौटी है। उसने बताया कि वह भारत के दलाई लामा से बहुत प्रभावित है। इसीलिए वह धर्मशाला जाकर ध्यान में लीन होने की योजना बना रही थी।

चीनी महिला को भेजा जेल 
इमिग्रेशन अफसरों ने जब जांच की तो उसके पास भारत में प्रवेश के लिए कोई प्रपत्र नहीं मिला। जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़ी गई महिला चीन की रहने वाली है। उसका नाम चाई जिहांग बताया जा रहा है और उसकी उम्र 49 साल है। पूछताछ के बाद खुफिया एजेंसियों ने उसे कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तार महिला पर विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।

वैध दस्तावेज नहीं मिले
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह गश्त के दौरान एसएसबी ने एक चीनी महिला को उस समय पकड़ा जब वह अवैध रूप से पगडंडी के रास्ते भारत में प्रवेश कर रही थी। उसकी पहचान चीन के फुजियान प्रांत की रहने वाली 49 वर्षीय चाई जिहांग के रूप में हुई। चीनी महिला के पास भारत में प्रवेश करने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इस मामले में सोनौली पुलिस ने 14 विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Also Read