महाराजगंज में दर्दनाक हादसा : खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटा, मकान की छत उड़ी, चार लोग झुलसे

UPT | तेज धमाके के साथ घर का सारा सामान जल गया।

Jul 31, 2024 17:55

महाराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी विशुनपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई, जिससे मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और तेज धमाके के साथ घर का सारा ...

Maharajganj News : महराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी विशुनपुर गांव में बुधवार को खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई जिससे मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई और तेज धमाके के साथ घर का सारा सामान जल गया। इस हादसे में चार लोग झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इस हादसे की खबर के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

रेगुलेटर में आग लगने से हुआ हादसा
घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी विशुनपुर गांव के टोला बेलहिया में बादामी (38) अपनी दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहती हैं। उसका पति बाहर काम करता है। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे वह खाना बना रही थी, तभी सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लग गई। घटना के वक्त परिवार के चारों सदस्य घर में थे। बादामी की चीख सुनकर तीनों बच्चे चादर से आग बुझाने लगे। देखते ही देखते आग सिलेंडर से चूल्हे तक फैल गई और विकराल रूप ले लिया। उसके बाद सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस हादसे में बादामी (38), उसकी दो बेटियां तन्नू (15), अन्नू (12) और बेटा (10) बिट्टू झुलस गए। घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। सिलेंडर में हुआ विस्फोट इतना तेज था कि घर की छत के चिथड़े उड़ गए। इस घटना की सूचना पाकर राजस्व टीम ने मौके का निरीक्षण किया है।

तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस 
इस हादसे के बारे में सदर थाने की क्षेत्राधिकारी आभा सिंह ने बताया कि पकरी विशुनपुर गांव में खाना बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट में चार लोग झुलस गए। घटना की सूचना पाकर घुघली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों का इलाज चल रहा है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Also Read