इटावा में दर्दनाक घटना : बकरी चरा रहे किशोर को सांड ने पटका, मौत से परिवार में मचा कोहराम

UPT | सांड के हमले से किशोर की मौत

Aug 05, 2024 13:04

इटावा में बकरियां चरा रहे बच्चे पर सांड ने हमला कर दिया। जिससे बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से मां को सदमा लग गया। वहीं, परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Etawah News : इटावा के ग्राम नगला डरु में रविवार शाम खेत पर बकरी चरा रहे एक किशोर को सांड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन आनन-फानन में उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित ​कर दिया।

जानकारी के अनुसार, भरथना क्षेत्र के नगला डरू गांव में रहने वाले किसान नरेंद्र सिंह यादव का पुत्र निखिल यादव  (13 वर्ष) खेत पर बकरियां चरा रहा था। अचानक, एक आवारा सांड ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, सांड ने निखिल को कई बार उठाकर जमीन पर पटका, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने किसी तरह सांड को भगाया और घायल निखिल को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फसलों को बर्बाद कर रहे मवेशी
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई एक घटना नहीं है। बड़ी संख्या में छुट्टा मवेशी न केवल खेतों में खड़ी फसलों को नष्ट कर रहे हैं, बल्कि लोगों पर भी हमला कर रहे हैं, जिससे जान-माल का नुकसान हो रहा है।

परिवार में मचा कोहराम
निखिल की मौत की खबर परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। निखिल की मां विनीता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।

Also Read