अस्थि विसर्जन के बाद हादसा : लोडर चालक को आई झपकी, बिजली के खंभे से टकरा कर खंती में पलटा, तीन महिलाओं की मौत, 22 घायल

UPT | सांकेतिक तस्वीर

Jul 23, 2024 01:17

फर्रूखाबाद में अस्थि विसर्जन कर लौट रहा लोडर खंती में पलट गया। इस दर्दनाक हादसें में तीन महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 22 लोग घायल हो गए। घायलों को डा राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  

Farrukhabad News : यूपी के फर्रूखाबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रविवार को गंगा में अस्थि विसर्जन करने के बाद लोडर 28 लोगों को लेकर लौट रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी आ गई। तेज रफ्तार लोडर पहले बिजली के खंभे से टकराया। इसके बाद खंती में जाकर पलट गया। इस घटना से चीखपुकार मच गई। खेतों पर काम कर रहे किसानों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा। इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, 22 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

लोडर चालक को आई झपकी
सैफई थाना क्षेत्र स्थित भाला शैया गांव निवासी विनोद शाक्य की अस्थियों का विसर्जन करने के लिए परिवार के लोग लोडर से पांचाल घाट गए थे। विसर्जन और गंगा स्नान के बाद लोडर से सभी लोग लौट रहे थे। इसी दौरान बहोरिकपुर के पास लोडर चालक मुकुट सिंह को झपकी आ गई। लोडर बिजली के खंभे से टकराने के बाद पेड़ जा भिड़ा। इसके बाद लोडर खंती में पलट गया।

10 घायल सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर
लोडर पलटते ही चीख-पुकार मच गई। खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान भाला शैया गांव निवासी सुशीला देवी, रामकली और रामा देवी की मौत हो गई। जबकि 22 लोगों का इलाज चल रहा है। जिसमें से 10 लोगों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जिसमें चार की हालत गंभीर है। 

Also Read