Kannauj News : द्वारचाल की रस्म में पुरोहित को दक्षिणा नहीं देने पर विवाद, जमकर चले लाठी—डंडे कुर्सियां, फिर बैरंग लौटी बारात

UPT | काल्पनिक तस्वीर

Apr 15, 2024 16:29

कन्नौज में द्वारचाल की रस्म के दौरान पुरोहित को दक्षिणा को लेकर विवाद हो गया। शादी का पंडाल युद्ध के मैदान में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर चले लाठी—डंडे। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है ।

Kannauj News: यूपी के कन्नौज से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। कन्नौज में द्वारचाल की रस्म के दौरान पुरोहित की दक्षिणा को लेकर दुल्हन और दूल्हे पक्ष के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी गाली—गलौच और मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते शादी का पंडाल युद्ध के मैदान मे तब्दील हो गया। लड़की और लड़के पक्ष के बीच लाठी—डंडे और ​कुर्सियां चलने लगीं। शादी समारोह में मारपीट की सूचना पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। वहीं, दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया।

कन्नौज छिबरामऊ निवासी युवक की शादी क्षेत्र के ही एक गांव में तय हुई थी। बड़ी ही धूमधाम और गाजेबाजे के साथ लड़के पक्ष के लोग बारात लेकर पहुंचे थे। लड़की पक्ष ने भी जनवासे पर बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद बाराती ढ़ोल नगाड़ों और बैंड बाजे की धुन पर नाचते गाते दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचे थे।

दुल्हन पक्ष ने अभद्रता का लगाया आरोप
दुल्हन पक्ष के दरवाजे पर द्वारचाल की रस्म चल रही थी। इसी दौरान पुरोहित को दक्षिणा देने को लेकर दुल्हन और दूल्हे पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी। दुल्हन पक्ष का आरोप था कि दूल्हे के रिश्तेदार ने अभद्रता करने के साथ ही गाली—गलौच की थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया, दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। एक दूसरे पर लाठी डंडे और कुर्सियां से मारपीट करने लगे।

पुलिस ने की शांतिभंग की कार्रवाई
शादी समारोह में हंगामा और बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इसी बीच दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। परिवार के बड़े—बुजुर्ग दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करते रहे। लेकिन दोनों ही पक्ष शादी के लिए तैयान नहीं हुए। वहीं, पुलिस ने दूल्हे पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। इसके बाद बारात बैरंग ही लौट गई।
 

Also Read