Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में दो गांवों के बीच पथराव—बमबाजी, वीडियो वाले परिवार के घर आगजनी की कोशिश, छत से ताबड़तोड़ फायरिंग

UPT | बंदूक से फायरिंग

May 24, 2024 08:39

कानपुर देहात में दो गांवों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। फहतेपुर रोशनाई गांव के लोग वाहनों से आकर आर्य नगर प्रथम गांव में पत्थराव और बमबाजी कर दी। जिससे पूरे गांव में अफरा—तफरा मच गई। वहीं, इसके बाद वीडियो बनाने को लेकर पूरे गांव ने उस परिवार पर पथराव शुरू कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला।

Kanpur Dehat: यूपी के कानपुर देहात से चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। गुरूवार शाम कानपुर देहात में दो गांवों के बीच खूनी संघर्ष देखने को मिला। दुकानों में पथराव और आगजनी की कोशिश की गई। वीडियो बनाने वाले परिवार ने खुद को बचाने के लिए छत से फायरिंग की। इस विवाद में 13 लोग घायल हुए हैं। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। इसके साथ ही परिवार की महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित निकालकर बंदूक कब्जे में लिया।

रनिया थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर रोशनाई गांव निवासी नीलम के बेटे अर्पित और लकी राजेंद्र चौराहे पर गोलगप्पे खाने गए थे। पानी पीने को लेकर हुए विवाद में आर्य नगर प्रथम गांव के दीपू, सुनील समेत अन्य लोगों ने मारपीट कर दी थी। नीलम ने आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

आर्यनगर गांव पर बोला धावा
इसी खुन्नस में गुरूवार शाम फतेहपुर रोशनाई के लोग गुरूवार शाम वाहनों से आर्य प्रथम गांव पहुंचे। गांव के लोगों की दुकानों पर पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दिया। गांव के लोग शोर सुनकर बाहर आए, तो सुतली बम चलाने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जिससे गांव में भगदड़ मच गई। इसके बाद आर्यनगर के लोगों ने एकजुट होकर मोर्चा संभाला। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी—डंडे और पत्थर चले। सड़क पर भगदड़ मच गई, चारो तरफ अफरा—तफरा मच गई। इसके बाद फहतेपुर रोशनाई के लोग मौके से भाग निकले।

आत्मरक्षा में बंदूक से फायरिंग
इस दौरान आर्य नगर गांव के ही रहने वाले छोटेलाल गुप्ता के परिवार के लोग वीडियो बना रहे थे। जिसका गांव के लोगों ने विरोध किया, और उनकी परचून की दुकान पर तोड़फोड़ कर आगजनी की कोशिश की। जब परिवार जान बचाकर अंदर की तरफ भागा, तो दरवाजे पर पथराव कर उसे तोड़ने का प्रयास किया। उनके बेटे रविकांत गुप्ता ने परिवार को बचाने के लिए लाइसेंसी बंदूक से छत पर चढ़कर दो राउंड फायरिंग की। जिसके छर्रे कई लोगों के लगे हैं। वहीं, रविकांत के सिर पर पत्थर लगने से सिर फट गया।

दस नामजद लोगों पर रिपोर्ट
एसपी राजेश पांडेय के मुताबिक केतन सिंह की तहरीर पर 10 नामजद और अज्ञात लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों के छह—छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके साथ दोनों गांवों में भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। वहीं, घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
 

Also Read