Uttar Pradesh Plantation Drive : दुनिया में हर साल लगाए जाते हैं 190 करोड़ पौधे, जानें यूपी का आंकड़ा  

UPT | प्रदेश के वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार प्रेसवार्ता करते हुए।

Jul 18, 2024 23:33

दुनिया में हर साल 190 करोड़ पौधे रोपित किए जाते हैं। इनमें अकेले उत्तर प्रदेश में 33 करोड़ पौधे रोपे जाते हैं। यह विश्व के पौधरोपण का छठवां हिस्सा है।

Short Highlights
  • पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थी रोपेंगे पौधे
  • स्कूलों में चलेगा बाल पौधरोपण भंडारा
Lucknow News : दुनिया में हर साल 190 करोड़ पौधे रोपित किए जाते हैं। इनमें अकेले उत्तर प्रदेश में 33 करोड़ पौधे रोपे जाते हैं। यह विश्व के पौधरोपण का छठवां हिस्सा है। बीते सात सालों में यूपी में 168 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। इनमें 75-80 प्रतिशत पौधे सुरक्षित हैं। इस बार भी पौधरोपण अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण को लेकर यूपी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। इस साल 14.30 करोड़ पौधे वन विभाग और 22.20 करोड़ पौधे अन्य विभाग लगाएंगे। 223 वेट लैंड पर पौधरोपण किया जाएगा। 

55 लाख सहजन के पौधे किए जांएगे रोपित
उत्तर प्रदेश में हरियाली बढ़ाने और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के उद्देश्य से सरकार 20 जुलाई को एक दिन में 36.50 करोड़ पौधे लगाकर एक और रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर ली है। इस वर्ष अभियान में पोषण के पावर हाउस कहे जाने वाले सहजन के 55 लाख सहजन के पौधे रोपे जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पंजीकृत सभी लाभार्थियों से भी पौधरोपण कराया जाएगा।

जोनल और सेक्टर मिजिस्ट्रेट तैनात 
प्रदेश के वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरुण कुमार ने बृहस्पतिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनाव की तर्ज पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जोनल और सेक्टर मिजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इन सभी ने अपने क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारी की है। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 26 शासकीय विभागों और आमजन के सहयोग से प्रदेश में एक दिन में 36.50 करोड़ पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी विभाग, विद्यालय और अन्य संस्थाएं आधे दिन केवल पौधरोपण कार्य में सहयोग देंगी।

किसानों को पौधरोपण के लिए किया गया प्रोत्साहित 
वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषक सम्मान निधि के पंजीकृत समस्त लाभार्थियों के माध्यम से पौध रोपण कराया जायेगा। किसानों को फलदार और इमारती पौध रोपण करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। कृषि विश्वविद्यालय और कृषि विज्ञान केन्द्र से समन्वय स्थापित करते हुए वृहद स्तर पर पौध रोपण कराया जायेगा। वन विभाग की 1901 नर्सरियों से निःशुल्क पौध उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारियों को 19 जुलाई तक आवंटित जनपद में पहुंच कर वृक्षारोपण अभियान का सफलतापूर्वक संचालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

चुनाव की तर्ज पर चलेगा पौधरोपण अभियान 
अरुण कुमार ने कहा कि स्कूलों में बच्चों के सहयोग से बाल पौध रोपण भण्डारा का आयोजन किया जायेगा। इसमें छात्रों को फलदार प्रजाति-आम, अमरूद आदि पौधे वितरित किए जाएंगे। छात्र अपने आवास या स्कूल की भूमि पर पौधे रोपेंगे। पौधों का वितरण 15 वर्ष की आयु से अधिक के बच्चों को ही किया जायेगा। पौधों की सुरक्षा और सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। रोपित पौधों के साथ रोपण स्थलों की जियो टैगिंग कराई जाएगी।

Also Read