UP News : संजय सिंह ने बताया एनडीए सरकार का भविष्य, बोले- यूपी विधानसभा चुनाव में करेंगे गठबंधन

UPT | आप सांसद संजय सिंह

Jun 09, 2024 01:28

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के लोग हार के बाद अयोध्यावासियों को गाली दे रहे हैं। इस बार उनके खिलाफ जनादेश आया है। आम आदमी पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी।

Short Highlights
  • राम का अपमान करने पर भाजपा को अयोध्या में मिली हार
  • वोट नहीं मिलने पर अब गाली दे रहे भाजपा के लोग
Lucknow News : आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने फैजाबाद लोकसभा सीट पर हार को लेकर भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के लोगों ने भगवान राम का अपमान करने वालों को हराया है। भाजपा के लोग राम को लाने का दावा कर उनका अपमान करते थे। अब हार के बाद अयोध्या के लोगों को गाली दे रहे हैं। उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में गठबंधन का हिस्सा बने रहने की बात कही।

पूरी ताकत के बाद भी भाजपा को 160 सीटें कम मिली
सांसद संजय सिंह ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव तमाम तरह की विषम परिस्थितियों में हुआ। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनका पूरा का पूरा मीडिया तंत्र, उनके पास मौजूद संसाधन, इतनी बड़ी सेना पूरे चुनाव में 400 पार का दावा करती रही, जबकि मैं पूरे चुनाव में एक ही नारा देता रहा कि जनता तड़ीपार कह रही है। संजय सिंह ने कहा कि जो 400 पार का नारा दे रहे थे, उनकी 160 सीटें कम आई हैं, उन्हें 240 सीटें मिली हैं।

बेरोजगारी, महंगाई, अग्निवीर के खिलाफ जनादेश
आप सांसद ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 की तुलना में अगर देखा जाए तो 63 सीटें उनकी कम आई हैं। यह जनादेश इस देश की जनता ने बेरोजगारी, महंगाई, अग्निवीर के खिलाफ दिया है। संविधान और आरक्षण को खत्म करने की कोशिश के खिलाफ दिया है। उन्होंने कहा कि साथ ही यह जनादेश कहीं ना कहीं भाजपा की नफरत की जो राजनीति है, उसके खिलाफ आया है। 

फिर दो सीटों पर आएगी भाजपा
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा को इससे सबक लेना चाहिए कि अहंकार से हिंदुस्तान नहीं चलेगा। नफरत की बुनियाद पर हिंदुस्तान नहीं बनेगा। मोहब्बत की बुनियाद पर हिंदुस्तान आगे बढ़ेगा। हमारा देश पाकिस्तान और तालिबान नहीं है जो कि लोगों को बांटकर चलेगा। अगर ये लोग नहीं सुधरे तो 240 से फिर दो सीटों पर आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ये लोग हिंदुओं के भी सगे नहीं हैं। अगर वोट नहीं दिया तो अब गाली दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी से 1.50 लाख वोटों से जीते। भोलेनाथ ने थोड़ी दया दिखाई तो उन्हें जिता दिया पर राम जी ने भाजपा वालों को विदा कर दिया।

एनडीए सरकार के भविष्य पर कही ये बात
संजय सिंह ने दावा किया कि एनडीए सरकार का भविष्य एक साल, छह महीने या फिर 13 दिन भी हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वास्तव में अटल बिहारी वाजपेई जैसे नेता नहीं हैं। इंडिया गठबंधन सही समय पर सही निर्णय करेगा। उन्होंने आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने और जनता दल यूनाइटेड की अग्निवीर योजना को खत्म करने की राय से सहमत होने की बात कही।

टीडीपी का स्पीकर बनाने की मांग
संजय सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार में तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) का स्पीकर होना चाहिए। भाजपा का स्पीकर संसदीय परंपरा के लिए घातक होगा। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में 150 सांसदों को सदन से निलंबित किया गया था। ये लोग सत्ता में रहने के लिए छोटी पार्टियों को तोड़ देंगे। 

नोएडा में 13 जून का पार्टी की बैठक
संजय सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी की 13 जून को नोएडा में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें चुनाव के नतीजों की राज्यवार समीक्षा की जाएगी। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आप गठबंधन का हिस्सा रहेगी। इसे लेकर समाजवादी पार्टी से बातचीत की जाएगी। अभी कुछ कहना ठीक नहीं होगा। इसके साथ ही लखनऊ में 20 जून को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 

भाजपा करती है भेदभाव
संजय सिंह ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि ये लोग भेदभाव करते हैं। अखिलेश यादव के सीएम आवास छोड़ने पर उसे गंगाजल से धुलवाया गया। अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को नहीं बुलाया गया था। इसी तरह उद्घाटन में भी राष्ट्रपति को नहीं बुलाया गया। जनता ने भाजपा को पिछड़े, दलित और आदिवासियों के प्रति घृणा का जवाब दिया है। इस वजह से उसकी सीटों में कमी देखने को मिली है।

Also Read