अपर्णा यादव ने यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाला : नाराजगी से किया इनकार, बोलीं- एकलव्य से बनी अर्जुन

UPT | Aparna Yadav

Sep 11, 2024 13:23

अपर्णा यादव के उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष का कार्यभार संभालने के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक भी मौजूद रहीं। वह अपर्णा यादव को साथ लेकर आयोग के दफ्तार पहुंचीं और उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने बुधवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। महिला आयोग में अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों ने पहले ही अपनी जिम्मेदारी संभाल ली थी। लेकिन, अपर्णा यादव ने इससे दूरी बनाए रखी। इसके बाद उनकी नाराजगी की चर्चा होने लगी। इस बीच उन्होंने सोमवार को अपने पति के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इसके बाद माना जा रहा था कि अपर्णा यादव की नाराजगी दूर हो गई है और अपना पदभार ग्रहण कर लेंगी। बुधवार को अपर्णा यादव के राज्य महिला आयोग के कार्यालय में पहुंचने से तस्वीर साफ हो गई।

नम्रता पाठक की मौजूदगी बनी चर्चा का​ विषय
अपर्णा यादव के उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष का कार्यभार संभालने के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक भी मौजूद रहीं। वह अपर्णा यादव को साथ लेकर आयोग के दफ्तार पहुंचीं और उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी। नम्रता पाठक वर्ष 2007 से 2012 तक महिला आयोग की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। माना जा रहा है अपर्णा को मनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई है।

आधी आबादी के लिए काम करने की कही बात
इस मौके पर महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि उन्होंने काफी समय पहले से समाज सेवा का रास्ता चुना और फिर राजनीति में सक्रिय हुईं। सभी बड़ों का आशीर्वाद मिलता आया है, इसलिए लिए मैं उनके प्रति आदर सम्मान व्यक्त करती हूं। अपर्णा यादव ने कहा कि देश की आधी आबादी के लिए वह हमेशा काम करेंगी। जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे पूरे मनोयोग से पूरा करेंगी। महिलाओं से संबंधित शिकायतों और समस्याओं को लेकर आयोग बेहतर तरीके से काम करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया परशुराम
अपर्णा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश सरकार का इस मौके पर आभार जताया और कहा कि वह जिम्मेदारी से अपना काम करेंगी। उन्होंने राज्य महिला आयोग के उपाध्यक्ष पद को लेकर अपनी नाराजगी पर स्पष्ट तौर से कुछ नहीं बोला। सिर्फ कहा कि मैं नाराज नहीं हूं। मैंने सिर्फ अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे ये जिम्मेदारी दी है। भाजपा संगठन एक परिवार है। प्रधानमंत्री परशुराम हैं। मैं पहले एकलव्य थी, अब अर्जुन हूं। वहीं जब मीडिया ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के यूपी में जाति देखकर एनकाउंटर के आरोप पर उनसे सवाल किया तो अपर्णा यादव ने कहा कि महिला आयोग में अपनी जिम्मेदारी संभालने आईं हैं। इस समय दूसरे मुद्दे पर बात करने का मतलब नहीं है।

सीएम योगी से मुलाकात के दौरान रखा अपना पक्ष, मिला आश्वासन
इससे पहले अपर्णा यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान महिला आयोग का उपाध्यक्ष बनाए जाने को लेकर अपनी बात रखी। वहीं मुख्यमंत्री की ओर से भी उन्हें समझाया गया। अपर्णा यादव जिस तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरक्ष पीठ का महंत होने के कारण शुरुआत से सम्मान करती आईं हैं और उनसे पारिवारिक संबंधों का भी जिक्र कर चुकी हैं, उसे देखते हुए ये तय माना जा रहा था कि वह मुख्यमंत्री की बात नहीं टालेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निजी कार्यालय की ओर से अपर्णा यादव से उनकी मुलाकात की तस्वीर भी जारी की गई। इसमें कहा गया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने महाराज जी से शिष्टाचार भेंट की। इसे भी संकेत माना गया कि अपर्णा यादव उपाध्यक्ष का पद संभाल लेंगी।

विधानसभा चुनाव लड़ चुकी हैं अपर्णा यादव
अपर्णा यादव वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गई थीं। तब उन्हें उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, उन्हें टिकट नहीं मिला। इसके बाद अब उन्हें महिला आयोग में उपध्यक्ष बनाया गया है, जिसे लेकर वह नाराज हैं। अपर्णा यादव विधानसभा चुनाव 2017 में लखनऊ पूर्व से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं, उन्हें भाजपा उम्मीदवार डॉ. रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा था।

Also Read