UP News : भाजपा का पिछड़ा वर्ग पर फोकस, घर-घर जाकर बनाएगी सदस्य  

UPT | भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सहकारिता भवन में आयोजित कार्यशाला में कार्यकताओं को संबोधित करते।

Aug 29, 2024 11:02

लोकसभा चुनाव में झटका खाने के बाद भाजपा अब पिछड़ा वर्ग का विश्वास हासिल करने में जुटी है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी सदस्यता अभियान के तहत घर-घर जाकर इस वर्ग को साधने की कोशिश करेंगे।

Lucknow News : लोकसभा चुनाव में झटका खाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब पिछड़ा वर्ग का विश्वास हासिल करने में जुटी है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी सदस्यता अभियान के तहत घर-घर जाकर इस वर्ग को साधने की कोशिश करेंगे। सदस्यता अभियान दो सितंबर से शुरु होगा। इसको लेकर बुधवार को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने राजधानी में कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने कार्यकताओं से सदस्यता अभियान से जुड़ी अहम बातें साझा कीं।

घर-घर जाकर पिछड़े वर्ग की सदस्यता करें सुनिश्चित 
सहकारिता भवन में आयोजित कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि बूथों तक समाज के पिछड़े वर्गों की सदस्यता हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए अभियान के तहत हम घर घर जाएंगे। सदस्यता अभियान के पहले चरण के तहत दो सितंबर को प्रधानमंत्री सदस्य बनकर अभियान की शुरुआत करेंगे और 25 सितंबर तक सभी कार्यकर्ता, मोर्चा, प्रकोष्ठ, संगठन के सभी लोग बूथों पर जाकर सदस्य़ता अभियान को घर-घर जाकर पूरा करेंगे। अगले चरण में एक अक्टूबर से लेकर पन्द्रह अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि जितने वोट हमें राज्य में मिले हैं, उन वोटों में 75 फीसद को प्राथमिक सदस्य बनाना है। उसके बाद नवंबर में बीजेपी संगठन के गठन की प्रक्रिया शुरु होगी और पुनर्गठन के साथ सदस्यता अभियान पूरा होगा।

पिछड़ा वर्ग पर विशेष ध्यान देने का निर्णय
यूपी में पिछड़ा वर्ग जनसंख्या का बड़ा हिस्सा है। ओबीसी वर्ग का किसी भी पार्टी के लिए नाराज होना खतरे का घंटी हो सकता है। लोकसभा चुनाव में जिस तरह ओबीसी और अनुसूचित जाति-जनाजाति का वोट भाजपा से छिटका है। उससे सबक लेकर भाजपा ने यूपी की दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव को लेकर अपने सदस्यता अभियान में पिछड़ा वर्ग पर विशेष ध्यान देने का निर्णय किया है। 

Also Read