बहराइच पर भाजपा का असली चेहरा सामने आया : अखिलेश यादव बोले- पार्टी समर्थक भी शर्मिंदा, डीएम बन गए भाजपा जिलाध्यक्ष

UPT | Akhilesh Yadav

Oct 22, 2024 15:57

सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहराइच हिंसा के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि इस मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, जिनसे भाजपा की सच्चाई उजागर हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा सामने आ चुका है और इसके समर्थक भी अब शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं।

Lucknow News : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहराइच हिंसा के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि इस मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं, जिनसे भाजपा की सच्चाई उजागर हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का असली चेहरा सामने आ चुका है और इसके समर्थक भी अब शर्मिंदगी महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खुद अपने ही लोगों के खिलाफ साजिश रच रही है और उनके विधायक ही अपने पार्टी के सदस्यों पर षड्यंत्र रचने की शिकायत कर रहे हैं। वहीं उन्होंने असद्दुदीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उपचुनाव में हिस्सा लेने पर कोई जवाब नहीं दिया और इससे बचते नजर आए।

अपने ही कार्यकर्ताओं को फंसाने की भाजपा की साजिश
अखिलेश यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष अर्पित श्रीवास्तव समेत सात अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सपा अध्यक्ष ने इसे भाजपा के अंदरूनी षड्यंत्र का उदाहरण बताया और कहा कि भाजपा अपने ही कार्यकर्ताओं को फंसाने की साजिश कर रही है। अखिलेश यादव ने भाजपा पर जनता को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने बहराइच में दंगा भड़काने का काम किया है। उन्होंने इसे हिटलर के जमाने की राजनीति से जोड़ा और कहा कि भाजपा के नेता घबराहट में हैं, इसलिए वे इस तरह की साजिशें रच रहे हैं।



पुलिस पर भाजपा का दबाव
सपा अध्यक्ष ने यूपी के पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पर भारी दबाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पुलिस पर हथकड़ियां लगा दी हैं, जिससे पुलिस स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली बार डीजीपी बने व्यक्ति ने खुद पुलिस की वास्तविक स्थिति उजागर की है। सपा अध्यक्ष ने पत्रकारों पर हो रहे हमलों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि बहराइच हिंसा की सच्चाई दिखाने वाले पत्रकार के हाथ-पैर तोड़ दिए गए, जिससे यह साफ हो जाता है कि भाजपा सच को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकार भले ही दबाव में हो, लेकिन कैमरा सच बोलता है और सच्चाई को छिपाया नहीं जा सकता। वास्तव में भाजपा की नीयत ही साफ नहीं है, ये नया जमाना है। बिजनौर में पुलिस हिरासत में युवक को इतना पीटा गया कि उसकी जान चली गई। जो अनकंस्टीट्यूशनल है, जहां हत्या हुई है, वह जांच का विषय बनता है। पूरे उत्तर प्रदेश को इन्होंने कस्टोडियल डेथ में नंबर एक बना दिया है। बेटियों के साथ अन्याय हो रहा है। कानून व्यवस्था जीरो हो गई है, बताइए पुलिस के साथ ही घटना हुई जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट और जनता से उम्मीद, एनकाउंटर पर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की साजिशों और गलत नीतियों का अंत तब तक नहीं होगा जब तक जनता और सुप्रीम कोर्ट हस्तक्षेप नहीं करेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करें ताकि देश की सही दिशा में विकास हो सके। अखिलेश यादव ने मंगेश यादव के एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे सरकार की नाकामी छिपाने के लिए अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि इस हत्या को बैलेंस करने के लिए एक ठाकुर की भी हत्या कर दी गई। उन्होंने कानपुर की घटना का भी जिक्र किया, जहां पुलिसकर्मी के घर से 25 लाख रुपये मिले थे। अखिलेश ने तंज कसते हुए पूछा, "क्या पुलिस अब पुलिस का एनकाउंटर करेगी?"

उपचुनाव को लेकर अधिकारियों पर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने अधिकारियों के रवैयक पर सवाल उठाते हुए कहा कि कानपुर में हमारे प्रत्याशी को गलत फॉर्म दे दिया ताकि उसका परचा कैंसिल हो जाए। अंबेडकरनगर को लेकर उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी भाजपा जिलाध्यक्ष हो गये हैं। जाति के आधार पर निर्देश देना, गुपचुप तरीके से अधिकारियों की बैठक हो रही है। क्या आईएएस एकेडमी में यही सीखाया जाता है? इन अधिकारियों का हम पोस्टर लगाएंगे। हम इलेक्शन कमीशन में इसकी शिकायत करेंगे। उन्होंने कहा कि उपचुनाव को लेकर बीएलओ को हटाना गलत है। 

भाजपा पीडीए समाज की दुश्मन
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा पीडीए समाज की दुश्मन है। ये लोग पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक परिवारों का वोट चाहते हैं, लेकिन इन्होंने पी​डीए के लिए कुछ नहीं किया। पीडीए एकजुट हैख् कितना भी कर लेंगे सब पीडीए एक साथ रहेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी उपचुनाव में इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का समय आ गया है, ताकि देश को उनकी साजिशों से बचाया जा सके।

Also Read