गांधी जयंती : सीएम योगी ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर दी पुष्पांजलि, बताया-भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का महानायक

UPT | सीएम योगी आदित्यनाथ महात्मा गांधी की 155वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Oct 02, 2024 14:57

सीएम योगी ने महात्मा गांधी की 155वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ के जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और राष्ट्रपिता हैं।

Lucknow News :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो अक्टूबर को महात्मा गांधी की 155वीं जयंती के अवसर पर लखनऊ के जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और राष्ट्रपिता हैं। उनके विचार और कार्य न केवल भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के लिए प्रेरणास्रोत थे, बल्कि आज भी उनके आदर्शों की प्रासंगिकता बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजादी के आंदोलन ने ब्रिटिश साम्राज्य के अंत की नींव रखी, जिसे कभी ‘सूर्य न अस्त होने वाला साम्राज्य’ कहा जाता था।

गांधी आश्रम में खादी और स्वदेशी पर जोर
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्रीय गांधी आश्रम का दौरा किया, जहां उन्होंने खादी की महत्वता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वदेशी और स्वावलंबन के विचारों ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को एक नई दिशा दी। गांधीजी का यह विचार हर भारतीय के मन में स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का भाव पैदा करता है, और खादी इसका प्रतीक है। सीएम योगी ने आश्रम में चरखा चलाकर खादी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और खादी उत्पादों पर 25 प्रतिशत की छूट की घोषणा की। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे खादी के वस्त्र खरीदें और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। सीएम ने कहा, खादी न केवल हमारी परंपरा का हिस्सा है, बल्कि यह रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।



देशभर में 12 करोड़ घरों में शौचालयों का निर्माण
मुख्यमंत्री ने गांधीजी के स्वच्छता अभियानों की प्रासंगिकता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता के प्रति विचार केवल 100 वर्ष पूर्व प्रासंगिक नहीं थे, बल्कि आज भी उनका उतना ही महत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत मिशन, गांधीजी के स्वच्छता के विचारों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास है। सीएम योगी ने बताया कि देशभर में 12 करोड़ से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण किया गया है, जो न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता को दर्शाता है, बल्कि महिलाओं की गरिमा को भी बढ़ाने का एक अभियान है। उन्होंने कहा कि समाज में नारी सशक्तिकरण के बिना स्वावलंबन का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जा सकता, और यह अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

वोकल फॉर लोकल अभियान को नई दिशा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल' अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह महात्मा गांधी के स्वदेशी आंदोलन का आधुनिक संस्करण है। उन्होंने कहा कि जो देश आर्थिक रूप से शक्तिशाली और आत्मनिर्भर बनते हैं, वे पहले अपनी उद्यमिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देते हैं। अमेरिका, जर्मनी, जापान और फ्रांस जैसे देशों ने यही किया। सीएम योगी ने जनता से अपील की कि वे विदेशी वस्तुओं के बजाय स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें और इनका उपहार स्वरूप आदान-प्रदान करें। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

लोकतंत्र की पाठशाला थे शास्त्री जी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर उन्हें नमन किया। उन्होने ने शास्त्री भवन पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, लालजी प्रसाद निर्मल, मुख्य सचिव मनोज सिंह आदि मौजूद रहे। सीएम ने कहा, जय जवान-जय किसान के उद्घोष से शास्त्री जी ने राष्ट्र में नवचेतना का संचार किया। सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि सादगी, सदाचार, शुचिता व कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पुरुष थे। जय जवान-जय किसान  के उद्घोष से राष्ट्र में नवचेतना का संचार करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री, 'भारत रत्न' लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।

स्वच्छता के प्रति जागरूकता
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़कों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया। उनके साथ कई जनप्रतिनिधियों ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बृजलाल और संजय सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सीएम योगी का यह संदेश स्पष्ट था कि महात्मा गांधी के आदर्श और उनके विचार आज भी भारतीय समाज और राजनीति में उतने ही प्रासंगिक हैं जितने कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान थे। उनके विचारों पर चलकर ही देश आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

Also Read