पहली अक्टूबर से शुरू होगी मोटे अनाज की खरीद : किसानों को टोल फ्री नंबर पर मिलेगी मदद 

UPT | पहली अक्टूबर से शुरू होगी मोटे अनाज की खरीद।

Sep 17, 2024 02:29

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024-25 के लिए मोटे अनाजों की खरीद पहली अक्टूबर से शुरु होगी और 31 दिसंबर तक चलेगी। मोटे अनाज में शामिल मक्का, बाजरा व ज्वार की खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण व नवीनीकरण चल रहा है।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2024-25 के लिए मोटे अनाजों की खरीद पहली अक्टूबर से शुरु होगी और 31 दिसंबर तक चलेगी। मोटे अनाज में शामिल मक्का, बाजरा व ज्वार की खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण व नवीनीकरण चल रहा है। खाद्य व रसद विभाग के मुताबिक इसके लिए किसानों को fcs.up.gov.in या ऐप UP KISAN MITRA पर पंजीकरण-नवीनीकरण कराना अनिवार्य है। खरीद पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी। किसानों से सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक खरीद होगी। 

टोल फ्री नंबर से मदद ले सकते हैं किसान
किसान अपनी किसी भी समस्या के लिए पूर्व में जारी टोल फ्री नंबर 18001800150 से मदद ले सकते हैं। इसके अलावा वे जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, विपणन निरीक्षक से भी संपर्क साध सकते हैं। किसानों को जिस बैंक खाते में भुगतान होगा,उसका आधार से जुड़ा होना जरुरी है। भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में किया जाएगा। वहीं बिचौलियों को रोकने व पारदर्शिता बरतते हुए क्रय केंद्रों पर मोटे अनाज की खरीद ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से पहले की तरह किसानों का बायोमीट्रिक सत्यापन के जरिए ही होगी। 

सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया 
श्रीअन्न को बढ़ावा देने के साथ ही सरकार ने इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य भी बढ़ाया है। मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2225 रुपए प्रति कुंतल,  बाजरा का 2625 रुपए प्रति कुंतल, ज्वार (हाइब्रिड) का 3371 व ज्वार (मालवांडी) का 3421 रुपए प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। 

इन जिलों में होगी मक्का खरीद  
बदायूं,  बुलंदशहर, अलीगढ़, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, मैनपुरी, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर-देहात, कन्नौज, इटावा, बहराइच, बलिया, फर्रुखाबाद, मीरजापुर, सोनभद्र व ललितपुर में मक्का की खरीद की जाएगी।  

बाजरा खरीद वाले जनपद निर्धारित 
बदायूं,  बुलंदशहर, बरेली, शाहजहांपुर, रामपुर, संभल, अमरोहा, अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर-देहात, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, बलिया, मीरजापुर, जालौन, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी, जौनपुर, फतेहपुर। 

इन जनपदों में होगी ज्वार की खरीद 
बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, कानपुर नगर-देहात, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, मीरजापुर व जालौन में ज्वार की खरीद होगी। 

Also Read