राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान : 13 सितंबर को मनाएगा स्थापना दिवस, सीएम योगी होंगे शामिल

UPT | राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान।

Sep 12, 2024 22:47

कार्यक्रम के दौरान 10 डॉक्टरों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे।

Lucknow News : राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान अपना चौथा स्थापना दिवस 13 सितंबर को मनाने जा रहा है। इस अवसर पर संस्थान की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। कार्यक्रम के दौरान 10 डॉक्टरों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों, डॉक्टरों और मरीजों के लिए कई नई सुविधाओं की घोषणाएं भी की जाएंगी।

सीएम योगी होंगे विशेष अतिथि 
संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि इस वर्ष का स्थापना दिवस समारोह विशेष होने वाला है, क्योंकि इसमें राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

चिकित्सकों को विशेष सम्मान
इस वर्ष का स्थापना दिवस समारोह लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन 10 चिकित्सकों को सम्मानित करेंगे जिन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान दिया है। यह सम्मान चिकित्सा क्षेत्र में उनके अद्वितीय प्रयासों और समर्पण के लिए दिया जाएगा। साथ ही, एमबीबीएस छात्रों को भी कार्यक्रम में कई नई सौगातें मिलेंगी।

ब्वॉज छात्रावास का उद्घाटन
स्थापना दिवस के मौके पर, शहीद पथ स्थित राम मनोहर लोहिया संस्थान के परिसर में 15 मंजिला ब्वॉज छात्रावास का उद्घाटन किया जाएगा, जिसमें 326 छात्रों के रहने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही, 10 मंजिला टाइफ-4 फैकल्टी आवास भी बनकर तैयार हो गया है, जिसमें करीब 40 फैकल्टी सदस्यों के लिए आवास की सुविधा होगी। इन दोनों भवनों का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा, जिससे डॉक्टरों और छात्रों के आवास संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।

इमरजेंसी सेवाओं में विस्तार
संस्थान ने इमरजेंसी सेवाओं में भी बड़े बदलाव किए हैं। इमरजेंसी के ट्रॉयज एरिया में पहले 22 बेड थे, जिन्हें अब बढ़ाकर 52 कर दिया गया है। यह बदलाव ट्रॉयल के रूप में शुरू किया गया है, जिससे मरीजों को बेहतर और अधिक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके अलावा, इमरजेंसी में कुल 60 बेड हैं, जिससे अब इमरजेंसी में कुल 112 बेड की व्यवस्था हो जाएगी। इन नई सेवाओं का औपचारिक उद्घाटन भी स्थापना दिवस समारोह के दौरान किया जाएगा।

उपलब्धियों पर होगी चर्चा 
संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि इस अवसर पर संस्थान की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों का भी ब्योरा पेश किया जाएगा। यह कार्यक्रम संस्थान के विकास, नई सुविधाओं और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में किए गए कार्यों पर प्रकाश डालेगा। संस्थान के इस चौथे स्थापना दिवस पर नई योजनाओं की शुरुआत से न केवल चिकित्सा सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि छात्रों और फैकल्टी के लिए भी बेहतर सुविधाओं का विस्तार होगा।

Also Read