यूपी में खरीफ फसलों का डिजिटल क्रॉप सर्वे 80 प्रतिशत पूरा : जौनपुर अव्वल और गाजियाबाद दूसरे स्थान पर

UPT | CM Yogi Adityanath

Oct 04, 2024 17:31

उत्तर प्रदेश में खरीफ फसलों के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य 80 प्रतिशत तक पूरा कर लिया है। इस सर्वे का उद्देश्य किसानों के लिए फसल उत्पादन को सटीक रूप से मापना और कृषि नीति में सुधार करना है।

Lucknow News : सरकार ने उत्तर प्रदेश में खरीफ फसलों के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य 80 प्रतिशत तक पूरा कर लिया है। इस सर्वे का उद्देश्य किसानों के लिए फसल उत्पादन को सटीक रूप से मापना और कृषि नीति में सुधार करना है। सरकार ने प्रदेश के 84 हजार से अधिक राजस्व गांवों में इस सर्वे का कार्य शुरू किया था, जिसमें से 47 हजार से अधिक गांवों में सर्वे का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस प्रक्रिया के तहत कुल साढ़े चार करोड़ से अधिक प्लॉट्स (गाटा संख्या) में खरीफ फसलों का सर्वे किया गया है, जो कुल साढ़े पांच करोड़ से अधिक प्लॉट्स का 80 प्रतिशत है। इन सर्वे में से 3 करोड़ से अधिक प्लॉट्स के सर्वे को मंजूरी भी मिल चुकी है, जो कुल प्लॉट्स का 82 प्रतिशत है।

किसानों की आय बढ़ाने का निर्णय  
केंद्र सरकार ने देश के किसानों की आय बढ़ाने और उनके जीवन को खुशहाल बनाने के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे का निर्णय लिया। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के 91 हजार 609 राजस्व गांवों में 5 करोड़ 81 लाख 23 हजार 573 प्लॉट्स का डिजिटल मैप उपलब्ध कराया गया है। सरकार इस पहल को केंद्र सरकार के मिशन के रूप में आगे बढ़ा रही है। सरकार ने प्रदेश में 23 अगस्त से 5 अक्टूबर के बीच खरीफ फसलों के डिजिटल क्रॉप सर्वे को पूरा करने का निर्देश दिया था। इस क्रम में 84 हजार 159 गांवों में सर्वे का कार्य आरंभ किया। 2 अक्टूबर तक 47 हजार 098 राजस्व गांवों में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका था, जो कुल सर्वे का 52 प्रतिशत है। शेष गांवों में भी सर्वे का कार्य तेजी से जारी है, जिससे जल्द से जल्द सभी आंकड़े एकत्र किए जा सकें।



डिजिटल सर्वे की प्रगति
डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान 2 अक्टूबर तक 4,63,22,564 प्लॉट्स (गाटा संख्या) के सर्वे का कार्य पूरा किया गया है, जो कुल 80 प्रतिशत है। इसके अलावा, 3,76,22,171 प्लॉट्स के सर्वे को भी मंजूरी मिल चुकी है, जो कुल प्लॉट्स का 82 प्रतिशत है। अभी भी शेष 1,18,01,009 प्लॉट्स के सर्वे की मंजूरी का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी फसलें सही तरीके से मापी जा सकें।

क्रॉप सर्वे में जौनपुर का पहला स्थान
खरीफ फसलों के डिजिटल क्रॉप सर्वे में जौनपुर ने पहले स्थान पर रहते हुए बाजी मारी है। जौनपुर को 17,33,553 प्लॉट्स (गाटा संख्या) के सर्वे का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें से 15,69,912 प्लॉट्स का सर्वे पूरा कर लिया गया है। इस सर्वे में से 15,61,266 प्लॉट्स को मंजूरी भी मिल चुकी है, जो कुल प्लॉट्स का 99.45 प्रतिशत है। दूसरे स्थान पर गाजियाबाद है, जहां 1,45,688 प्लॉट्स के सर्वे का लक्ष्य था। गाजियाबाद ने 1,33,735 प्लॉट्स का सर्वे पूरा किया है, और 1,31,581 प्लॉट्स को मंजूरी मिल चुकी है, जिसका अनुपात 98.39 प्रतिशत है।

इस राज्यों को मिला ये स्थान
इसके बाद अमरोहा तीसरे स्थान पर है, जहां 4,84,061 प्लॉट्स के सर्वे का लक्ष्य था। अमरोहा ने 4,01,698 प्लॉट्स का सर्वे पूरा कर लिया है, और 3,92,771 प्लॉट्स को मंजूरी भी मिल चुकी है, जिसका अनुपात 97.78 प्रतिशत है। बस्ती चौथे स्थान पर है, जहां 13,30,380 प्लॉट्स के सर्वे का लक्ष्य था। बस्ती ने 11,31,704 प्लॉट्स का सर्वे पूरा किया है, और 11,05,397 प्लॉट्स को मंजूरी भी मिल चुकी है, जिसका अनुपात 97.68 प्रतिशत है। आजमगढ़ पांचवे स्थान पर है, जहां 14,24,270 प्लॉट्स के सर्वे का लक्ष्य था, और 13,58,149 प्लॉट्स का सर्वे पूरा किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर छठे, मैनपुरी सातवें, महोबा आठवें, गाजीपुर नौवें, और शामली दसवें स्थान पर है। इस सर्वे की सफलता से सरकार का लक्ष्य किसानों की फसल उत्पादन को बढ़ावा देना और उनकी आय में सुधार करना है। इससे न केवल किसानों को लाभ होगा, बल्कि प्रदेश की कृषि क्षेत्र में भी सुधार देखने को मिलेगा।

Also Read