पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान 2024 : यूपी में नदियों के किनारे रोपे जाएंगे 3.72 करोड़ से अधिक पौधे

UPT | पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान

Jul 22, 2024 16:42

उत्तर प्रदेश में तीस सितंबर तक चलने वाले पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान के तहत चिह्नित किए गए 2556 स्थलों पर 25061.84 हेक्टेयर में तीन करोड़ 72 लाख, 66 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इसके संरक्षण के लिए नोडल अफसर भी नामित किए गए हैं।

Short Highlights
  • गंगा किनारे 77.51 लाख और यमुना नदी के किनारे 98.47 लाख पौधे लगाए जाएंगे
  • यमुना नदी के किनारे लगेंगे 98.47 लाख पौधे
Lucknow News : उत्तर प्रदेश में तीस सितंबर तक चलने वाले पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान के तहत नदियों के किनारे 3.72 करोड़ से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। इसमें गंगा, यमुना, हिंडन समेत कई प्रमुख नदियों के किनारे पौधरोपण होगा। नदियों के किनारे चिह्नित किए गए 2556 स्थलों पर 25061.84 हेक्टेयर में तीन करोड़ 72 लाख, 66 हजार पौधरोपण होगा। इसके संरक्षण के लिए नोडल अफसर भी नामित किए गए हैं।

गंगा किनारे 77.51 लाख पौधे लगेंगे
गंगा नदी के किनारे 676 स्थल चिह्नित किए गए हैं। जहां 5096.42 हेक्टेयर में पौधे लगाए जाएंगे। वहीं इसके किनारे लगाने वाले पौधों की संख्या 77.51 लाख रहेगी। गंगा किनारे के वन प्रभागों प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, वाराणसी, गाजीपुर, मीरजापुर, भदोही, काशी वन्यजीव व बलिया में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा वित्त पोषित किसानों के खेतों में औषधीय पौधों की खेती के लिए प्रोत्साहन योजना भी संचालित है। इस योजना में 17 विभागीय पौधशालाओं व 50 किसान पौधशालाओं की स्थापना कराते हुए 2500 हेक्टेयर क्षेत्रफल किसानों की निजी भूमि पर औषधीय व सगंध प्रजाति के पौधों की खेती भी प्रस्तावित है।

नदियों के किनारे पौधे लगाने व संरक्षण पर जोर
यमुना, हिंडन समेत अन्य नदियों के किनारे भी हरियाली को विकसित किया जाएगा। इस पर वन विभाग ने यमुना किनारे 534 स्थलों को चिह्नित किया है। इनके 6581.32 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 98.47 लाख पौधे लगाए जाएंगे। हिंडन नदी के किनारे 54 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनके 270.13 हेक्टेयर में 4.14 लाख पौधरोपण किए जाएंगे। वहीं अन्य नदियों के किनारे भी पवित्र धारा पौधरोपण के तहत 1392 स्थलों पर 13113.97 हेक्टेयर में 192.54 लाख पौधे लगाए जाएंगे।

रूपरेखा की गई तैयार
प्रदेश के किनारे नदियों के पुनरुद्धार के लिए वन विभाग व जलशक्ति-सिंचाई विभाग ने रूपरेखा तैयार की है। नदी के किनारे नीम, सहजन, इमली, अर्जुन, जामुन, बेल, आम, महुआ, सागौन, शीशम, गुटेल, बांस, पीपल, पाकड़, बरगद आदि प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे।

नोडल अफसर नामित
अपर मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह ने बताया कि नदियों किनारे पवित्र धारा पौधरोपण के लिए तेजी से कार्य हो रहे हैं। यहां पौधरोपण करने व इनके संरक्षण के लिए नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं।

नदी    नोडल अधिकारी
गंगा   मुख्य वन संरक्षक, दक्षिणी क्षेत्र प्रयागराज
यमुना  मुख्य वन संरक्षक, कानपुर मंडल कानपुर
हिंडन   मुख्य वन संरक्षक, पश्चिमी क्षेत्र मेरठ
अन्य प्रमुख नदियां  मुख्य वन संरक्षक, पूर्वी क्षेत्र, गोरखपुर

Also Read