Baghpat News : ...जब कागजों में मृत महेंद्री ने पेंशन के बनवाने के लिए दिया अपने जिंदा होने का सबूत

UPT | बागपत विकास भवन में लगे पेंशन संबंधित कैंप में अपनी समस्या बतातीं बुजुर्ग महिलाएं।

Jun 30, 2024 16:29

78 वर्षीय वृद्धा महेंद्री ने बताया कि 20 साल पहले उनके पति की मौत हो गई थी। उन्हें निराश्रित पेंशन मिलती थी। तीन साल पहले प्रधान व पंचायत सचिव ने फर्जी रिपोर्ट लगवाकर पेंशन कटवा दी। दोनों ने उसको मृतक दर्शाया।

Short Highlights
  • प्रधान और पंचायत सचिव ने दिखा दिया रिपोर्ट में मृत
  • बागपत विकास भवन में पेंशन संबंधित लगाया गया कैम्प 
  • मौके पर की गई 199 पेंशन लाभार्थियों की आधार KYC 
Baghpat News : बागपत विकास भवन में पेंशन संबंधी शिकायतों को दूर करने के लिए कैंप लगाया गया। कैंप में 199 पेंशन लाभार्थियों की आधार केवाईसी की गई। पेंशन योजना संबंधी लाभार्थियों की कैंप में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान कागजों में मृत महिला महेंद्री अपने जिंदा होने का सबूत लेकर कैंप में पहुंची। जहां उन्होंने अपनी पेंशन बनवाने की मांग अधिकारियों से की।

समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रही
महिला महेंदी ने बताया कि वो समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रही हैं। गांव ब्राह्मण पुट्ठी की रहने वाली महेंद्री विकास भवन में लगे केवाईसी कैंप में पहुंचकर अपने जिंदा होने के सबूत देकर पेंशन बनाने की मांग अधिकारियों से कर रही थीं। 78 वर्षीय वृद्धा महेंद्री ने बताया कि 20 साल पहले उनके पति की मौत हो गई थी। उन्हें निराश्रित पेंशन मिलती थी। तीन साल पहले प्रधान व पंचायत सचिव ने फर्जी रिपोर्ट लगवाकर पेंशन कटवा दी। दोनों ने उसको मृतक दर्शाया। जब एक साल तक पेंशन नहीं आई तो वो महिला कल्याण विभाग पहुंची तो तब जाकर पता चला कि उसको मृतक दिखाकर पेंशन काट दी गई। दो साल महेंद्री ने वृद्धावस्था पेंशन का फार्म भरा और विभाग में अपने जिंदा होने के दस्तावेज दिए और प्रधान की रिपोर्ट लगाई। अभी तक महिला की पेंशन नहीं बन सकी। वृद्धा अपने गांव प्रधान राजीव कुमार के साथ विकास भवन पहुंचीं और पेंशन बनवाने की मांग की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि यादव ने जांच कराकर पेंशन खाते में भेजने का आश्वासन दिया।

199 पेंशन लाभार्थियों की आधार KYC की
पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला पेंशन (विधवा पेंशन), वृ़द्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन योजनान्तर्गत लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान एवं आधार प्रमाणीकरण इत्यादि के लिए ​बागपत विकास भवन परिसर में पूर्वाह्न 10ः00 बजे से अपराह्न 5ः00 बजे तक कैम्प का आयोजन किया गया। विकास भवन, बागपत में कैम्प में पेंशन से संबंधित समस्याओं का समाधान किया गया। जिन लाभार्थियों की आधार KYC लम्बित है। उन लाभार्थियों की आधार KYC की गई हैं। 
कैम्प में विधवा पेंशन की 157 शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें 97 प्रकरण केवाईसी से संबंधित थे। जिसमें सभी शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।

वृद्धावस्था पेंशन की 356 शिकायतें प्राप्त
वृद्धावस्था पेंशन की 356 शिकायतें प्राप्त हुई। 100 प्रकरण केवाईसी से संबंधित थे। जिनकी मौके पर केवाईसी की गई। दिव्यांग पेंशन की 35 शिकायतें प्राप्त हुई। सभी शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया जिसमें दो प्रकरण केवाईसी से संबंधित थे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी हरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि यादव, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी तूलिका शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी मौहम्मद मुशफेकीन आदि उपस्थित रहे।
 

Also Read