Ghaziabad Nagar Nigam : गाजियाबाद 311 एप पर निगम कर्मचारी नहीं लगा रहे हाजिरी, कर्मचारियों का डाटा अपडेट

UPT | गाजियाबाद नगर निगम

Jul 02, 2024 08:56

एप से हाजिरी लगाने वालों में सबसे ज्यादा लगभग 1,800 कर्मचारी नगर स्वास्थ्य विभाग के हैं। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार का कहना है कि कोई भी नई पहल करने में कुछ चुनौतियां सामने आती हैं।

Short Highlights
  • गाजियाबाद 311 एप पर उपलब्ध हैं सभी प्रकार की सुविधाएं
  • 11 मार्च को लांच किया गया था गाजियाबाद 311 मोबाइल एप
  • एप पर साढ़े नौ हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी 
Ghaziabad News : गाजियाबाद नगर निगम की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए गाजियाबाद 311 एप लॉच किया गया था। लेकिन निगम कर्मचारियों की हाजिरी की व्यवस्था इस एप पर लागू नहीं हो सकी है। आधे से अधिक कर्मचारी इसमें लापरवाही बरत रहे हैं। नगर निगम के 6,124 कर्मचारियों का मोबाइल एप पर डाटा फीड है। इनमें से महज 2,515 कर्मचारी एप का प्रयोग कर रहे हैं। हालाकि, निगम प्रशासन की तरफ से अभी एप के जरिए हाजिरी की अनिवार्यता सख्ती से लागू नहीं की गई है, जिसका फायदा कर्मचारी उठा रहे हैं।

गाजियाबाद 311 एप पर मिलेगी सफाई से लेकर पढ़ाई की सुविधा
गाजियाबाद 311 मोबाइल एप 11 मार्च को लांच किया गया था। दावा किया गया था कि एप की मदद से शहरवासी नगर निगम से जुड़ी 66 तरह की सेवाओं का घर बैठे लाभ उठा सकेंगे। जिन शिकायतों का समाधान होने में चार से छह दिन लगते हैं, उनका समाधान चंद घंटों में हो जाएगा। हालांकि, तीन महीने में इस एप पर साढ़े नौ हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। इनका निस्तारण भी तेजी से किया जा रहा है।

हाजिरी व्यवस्था सफल होती नहीं दिख रही
निगम कर्मचारियों पर निगरानी रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) आधारित हाजिरी व्यवस्था सफल होती नहीं दिख रही है। एप से हाजिरी लगाने वालों में सबसे ज्यादा लगभग 1,800 कर्मचारी नगर स्वास्थ्य विभाग के हैं। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार का कहना है कि कोई भी नई पहल करने में कुछ चुनौतियां सामने आती हैं। एप का फायदा शहरवासियों को मिल रहा है। एप से हाजिरी लगाने वाले कर्मचारियों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ रही है।   

Also Read