Kanwar Yatra 2024 : सात फीट से ऊंची कांवड़ पर प्रतिबंध, डीजे पर रहेगा नियंत्रण

UPT | Kanwar Yatra 2024

Jul 02, 2024 09:23

इस बार कांवड़ की ऊचाई को निर्धारित किया गया है। इससे अधिक ऊचाई की कांवड़ को हरिद्वार की सीमा के बाहर ही रोक लिया जाएगा। इसके अलावा बिना परिचय पत्र के किसी भी शिवभक्त को हरिद्वार के अंदर एंट्री नहीं दी जाएगी।

Short Highlights
  • आठ राज्यों के पुलिस अधिकारियों की कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक
  • बिना पहचान पत्र कोई भी शिवभक्त नहीं कर पाएगा हरिद्वार में एंट्री
  • एडीजी मेरठ ने दिए बैरियर और चेकपोस्टों पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश 
Kanwar Yatra 2024: कांवड़ यात्रा 2024 को लेकर अब बैठकों का दौर तेज हो गया है। कांवड़ यात्रा को लेकर बैठकों के साथ ही तैयारियां भी चल रही है। कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तराखंड के देहरादून में आठ राज्यों के पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें शिवभक्तों की सुरक्षा को लेकर कई तरह के फैसले लिए गए हैं।

अधिक ऊचाई की कांवड़ को हरिद्वार की सीमा के बाहर ही रोक लिया जाएगा
बैठक में तय किया गया कि इस बार सात फीट से ऊंची कांवड़ पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इस बार कांवड़ की ऊचाई को निर्धारित किया गया है। इससे अधिक ऊचाई की कांवड़ को हरिद्वार की सीमा के बाहर ही रोक लिया जाएगा। इसके अलावा बिना परिचय पत्र के किसी भी शिवभक्त को हरिद्वार के अंदर एंट्री नहीं दी जाएगी।  कांवड़ यात्रा 2024 की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अंतरराज्यीय व अंतरइकाई समन्वय बैठक में आठ राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने चर्चा कर सुरक्षा की दृष्टि से दिशा निर्देश जारी किए।

डीजे पर भी नियंत्रण 
कांवड़ यात्रा में इस बार कांवड़ की ऊंचाई तय की है। कोई भी कांवड़िया सात फीट से अधिक ऊंची कांवड़ नहीं ले जा सकेंगे। इसक अलावा डीजे पर इस बार नियंत्रण रखने को कहा गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सोशल मीडिया की निगरानी पर जोर दिया गया। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त फोर्स तैनात करने और यातायात को बढिया बनाने के लिए डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा है। 

देहरादून पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक 
देहरादून पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, और सीआरपीएफ, रेलवे सुरक्षा बल, इंटेलीजेंस के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कुछ अधिकारी ऑनलाइन जुड़े। डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा में सबसे पहले उत्तराखंड प्रभावित होता था। लेकिन अब कांवड़ यात्रा का असर पूरे उत्तर भारत के तमाम राज्यों पर पड़ने लगा है। ऐसे में जरूरी है कि सभी राज्य सुरक्षा और यातायात को लेकर अपनी तैयारी पूरी रखें। सभी राज्य सोशल मीडिया की निगरानी के लिए अतिरिक्त प्रबंध करेंगे। ध्यान रखा जाए कि कोई ऐसा पोस्ट प्रसारित न हो, जिससे यात्रा प्रभावित हो। कांवड़ यात्रा में कोई उपद्रव होने पर इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आईजी इंटेलीजेंस कृष्ण कुमार वीके ने सोशल मीडिया के संबंध में जानकारी दी। हरिद्वार एसएसपी परमेंद्र डोभाल ने पुलिस की तैयारियों के बारे में जानकारी दी और पड़ोसी राज्यों से सहयोग की अपील की।

फीड को हरिद्वार कंट्रोल रूम को दिया जाएगा
एडीजी कानून व्यवस्था मेरठ जोन डीके ठाकुर ने कहा कि सभी चेकपोस्ट व बैरियरों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसकी फीड को हरिद्वार कंट्रोल रूम को दिया जाएगा। एडीजी कानून व्यवस्था उत्तर प्रदेश अमिताभ यश ने पूर्व में हुई आतंकी घटनाओं का उदाहरण देते हुए कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्क रहने का सुझाव दिया। उन्होंने सीमावर्ती जिलों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने पर भी जोर दिया।
 
 

Also Read