Bulandshahr News : महिला की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

UPT | पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Jun 16, 2024 02:45

गौतम बुद्ध नगर के कासना के घनघोला में एक महिला की हत्या कर शव भूसे में दबा दिया था आज पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया …

Bulandshahr News : गौतम बुध नगर थाना क्षेत्र के कासना के गांव घंघोला के पास भूस के कमरे में महिला की गला घोंट कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।  पुलिस ने बताया कि 5 जून को एक महिला का शव जनपद गौतमबुद्धनगर के थाना कासना के ग्राम घंघोला के पास एक भूस के कमरे में मिला था। जिसका कासना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर अज्ञात में अन्तिम संस्कार करा दिया था।

मृतका के बेटे द्वारा शव के फोटो से महिला की शिनाख्त की गयी। मृतका की शिनाख्त मुनेश देवी पत्नी स्व. जसवीर सिंह निवासी ग्राम रसूलपुर थाना सलेमपुर जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई। इस मामले में तहरीर के आधार पर थाना सलेमपुर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शनिवार को थाना सलेमपुर पुलिस द्वारा घटना का खुलासा  किया। जिसमें सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलसुरी के रहने वाले ऋषिपाल को  रसूलपुर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी ऋषिपाल से मृतका के नाजायज संबंध थे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ऋषिपाल ने बताया  कि उसके व मृतका के नाजायज संबंध थे। 4 जून को मृतका आरोपी के पास रहने के लिए आ गयी। बताया कि महिला वापस जाने के लिए मना करने लगी। आरोपी मृतका को अपने साथ नहीं रखना चाहता था। इसलिए आरोपी अपने साथ मृतका को गौतमबुद्धनगर के थाना कासना के ग्राम घंघोला के एक भूस के कमरे मे ले गया। महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और वहा से फरार हो गया। सलेमपुर थानाध्यक्ष पम्मी चौधरी ने बताया कि आरोपी ऋषिपाल का मृतक महिला के घर आना जाना लगा रहता था। दोनों के बीच नाजायज संबंध बन गए।

महिला के पति की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। महिला के पुत्र ने कासना पुलिस द्वारा शव के जो फोटो खींचे थे, उससे उसकी शिनाख्त की। शक के आधार पर ऋषि पाल के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें हत्या वाले दिन ऋषिपाल महिला के साथ दिखाई दिया। शनिवार को ऋषिपाल को गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ में उसने हत्या करना कबूल किया है।

Also Read