Ghaziabad News : गाजियाबाद में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने की आत्महत्या, ओयो होटल संचालक दोनों भाई गिरफ्तार

UPT | जांच के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी।

Jun 22, 2024 02:47

पुलिस का कहना है कि 13 साल की छात्रा के इंस्टाग्राम पर बने दोस्त हिमांशु सोनी ने होटल में दुष्कर्म किया था। जांच में पता चला कि पहचान पत्र लिए बगैर कृष्णानगर निवासी युवक हिमांशु को कमरा दिया था।

Short Highlights
  • कक्षा आठ की छात्रा के साथ तीन लोगों ने की थी दरिंदगी
  • छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव पर चोट के निशान
  • एक आरोपी पहले ही पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार   
     
Ghaziabad News : गाजियाबाद में कक्षा आठ की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में प्रशासन और पुलिस ने कड़ा रूख अख्तियार किया है। बता दें दुष्कर्म पीड़ित छात्रा ने कमरे में आत्महत्या कर ली थी। दुष्कर्म पीड़िता की आत्महत्या के बाद पुलिस ने ओयो होटल क्यूब रिसोर्ट के संचालक दोनों भाइयों अंकित और आशीष को गिरफ्तार कर लिया। सुदामापुरी निवासी दोनों भाइयों पर दुष्कर्म में सहयोग करने का आरोप है। दोनों आरोपी खिलाफ पहले से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज है।

छात्रा के इंस्टाग्राम पर बने दोस्त हिमांशु सोनी ने होटल में दुष्कर्म किया
छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। इसमें मौत का कारण फंदे से लटकना बताया है। पीड़िता के शव पर चोट के निशान हैं। पुलिस का कहना है कि 13 साल की छात्रा के इंस्टाग्राम पर बने दोस्त हिमांशु सोनी ने होटल में दुष्कर्म किया था। जांच में पता चला कि पहचान पत्र लिए बगैर कृष्णानगर निवासी युवक हिमांशु को कमरा दिया था। इसके लिए कमरे के लिए निर्धारित से अधिक पैसे लिए गए थे। हिमांशु को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसी दिन छात्रा ने घर में आत्महत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया था।

गिरफ्तार होटल संचालकों ने पूछताछ में जुर्म कबूल किया
एसीपी ज्ञान प्रकाश ने बताया कि हिमांशु से मिली जानकारी के बाद पुलिस होटल में जांच के लिए पहुंची है। जहां पर रजिस्टर में हिमांशु का नाम नहीं मिला। गिरफ्तार होटल संचालकों ने पूछताछ में जुर्म कबूल किया। ओयो होटल के सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर पुलिस के कब्जे में है। रिकार्डिंग में हिमांशु छात्रा के साथ दिखाई दे रहा है। उसने बताया कि छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में नशे का पदार्थ देकर बेहोश करने के बाद दुष्कर्म किया गया था। एसीपी ने बताया कि होटल संचालकों के पास अग्निशमन और जीडीए का अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं है। प्रशासन अब होटल को सील कराने की कार्रवाई की जाएगी। 

Also Read