धार्मिक भावनाएं भड़काने पर दो युवक गिरफ्तार : अयोध्यावासियों को गालियां देने पर गाजियाबाद पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज, कन्हैया कुमार को भी मारा था थप्पड़

UPT | दक्ष चौधरी और अन्नू चौधरी

Jun 07, 2024 09:37

अयोध्या में बीजेपी के हारने पर वहां के लाखों लोगों को गालियां देने वाले दोनों युवकों को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

Ghaziabad News : अयोध्या में बीजेपी के हारने पर वहां के लाखों लोगों को गालियां देने वाले दोनों युवकों को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान दक्ष चौधरी और अन्नू चौधरी के तौर पर हुई है जोकि हिन्दू रक्षा दल से जुडे हुए हैं। ये वही दक्ष चौधरी है जिसने कुछ दिनों पहले दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान काग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारा था। 

अयोध्या वासियों को वीडियो में दी खूब गालियां
बता दें कि, गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई। वीडियो में दिख रहा है कि कार में बैठे दो शख्स अयोध्या में भाजपा की हार के लिए वहां के लाखों लोगों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कह रहे हैं कि जिस पार्टी ने भगवान श्रीराम की घर वापसी कराई, लोगों ने उसी को हरवा दिया और जिस पार्टी ने कारसेवकों पर गोली चलवाई, उसको जितवा दिया। इस दौरान दोनों ने अयोध्या वासियों को खूब गालियां दी। जिसके बाद ये वीडियो जमकर वायरल हुई।

दोनों पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज
गाजियाबाद पुलिस ने इस वीडियो का तत्काल संज्ञान लिया और दोनों पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल हो रही एक वीडियो प्राप्त हुई है, जिसमें धार्मिक भावनाएं भड़काने की नीयत से अभद्र टिप्पणी की गई है। इसका तत्काल संज्ञान लेकर थाना टीला मोड़ पर मुकदमा पंजीकृत कर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी दक्ष चौधरी और अन्नू चौधरी हैं। इनके खिलाफ आईपीसी सेक्शन-295ए और 504 में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
ये पहली बार नहीं है कि धार्मिक भावनाएं भड़काने के इरादे से इन दोनों की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले भी इन दोनों को मस्जिद में जूते पहनकर घुसने पर गिरफ्तार किया जा चुका है। दरअसल, 26 फरवरी की रात यहां शब-ए-रात पर इबादत की वजह से तमाम मुस्लिम लोग इकट्ठा थे। आरोप है कि रात करीब 12 बजे अन्नू चौधरी और दक्ष चौधरी दो अन्य लड़कों के साथ जूते पहनकर मस्जिद में घुस आए। नमाज पढ़ रहे लोगों को गाली देने लगे। वे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में अन्नू चौधरी और दक्ष चौधरी को IPC सेक्शन - 153A, 295, 295A, 323, 504, 506 में गिरफ्तार भी किया था।

कन्हैया कुमार के मारा था थप्पड़
ये वही दक्ष चौधरी है जिसने कुछ दिनों पहले दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान काग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारा था। हालांकि बाद में कन्हैया समर्थकों ने इस शख्स की खूब पिटाई की। आरोपी की पहचान दक्ष चौधरी के रूप में हुई। दक्ष, हिन्दू रक्षा दल (HRD) से भी जुड़ा हुआ है। इसका नाता बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के साथ भी बताया जाता है जोकि उसी सीट के बीजेपी का प्रत्याशी था जहां से कांग्रेस से कन्हैया था।

Also Read