बिजली गिरने से अफरा-तफरी : मिर्जापुर में चार महिलाएं और एक बच्चा अचेत, सभी को आईं गंभीर चोटें

UPT | अस्पताल में भर्ती लोग।

Aug 13, 2024 23:59

मिर्जापुर में गरज और चमक के साथ हो रही बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार महिलाएं और एक बालक घायल हो गया। चार अलग-अलग गांवों में हुई इस घटना में पीड़ितों को गंभीर चोटें आई…

Mirzapur News : मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र में सोमवार रात गरज और चमक के साथ हो रही बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार महिलाओं और एक बालक के घायल होने की खबर है। चार अलग-अलग गांवों में हुई इस घटना में पीड़ितों को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में भर्ती कराया गया है। 

पहली घटना हलिया थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव में हुई 
पहली घटना हलिया थाना क्षेत्र के सोनगढ़ा गांव में हुई, जहां 38 वर्षीय निरंजना देवी जो अपने दरवाजे पर बंधे मवेशियों को चारा डाल रही थीं, अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गईं और अचेत हो गईं। इसी गांव की 35 वर्षीय मनोजा देवी, जो बारिश के दौरान अपने घर के अंदर बकरियों को बांध रही थीं, वे भी बिजली गिरने से बुरी तरह घायल हो गईं। दोनों महिलाओं को परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया में भर्ती कराया।

कुशियरा गांव में सामने आई दूसरी घटना 
दूसरी घटना कुशियरा गांव में हुई जहां 45 वर्षीय चंद्रकली देवी अपनी भैंस का दूध लेने जा रही थीं। बारिश के दौरान उन्होंने रास्ते में एक नीम के पेड़ के नीचे शरण ली, लेकिन तभी आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह भी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें भी तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

तीसरी घटना गुर्गी गांव में हुई, 30 वर्षीय महिला आई चपेट में 
तीसरी घटना गुर्गी गांव में हुई, जहां 30 वर्षीय मंजू देवी, जो घर के बाहर किसी काम से निकली थीं, बिजली की चपेट में आकर घायल हो गईं। इसके अलावा, धमौली गांव में 11 वर्षीय राजेश्वर, जो अपने मवेशियों को घर के अंदर बांध रहा था, आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने इस घटना के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया। डॉ.विवेक खरे ने बताया कि सभी घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। यह घटना उन लोगों के लिए एक चेतावनी है जो गरज-चमक के दौरान सुरक्षा उपायों को नजरअंदाज करते हैं। 

Also Read