चार महीने पहले रोजी-रोटी के लिए सऊदी अरब गया था तालिब : अब लौटी लाश, शेख की पिटाई से हुई मौत

UPT | सऊदी से बिजनौर पहुंचा तालिब का शव

Aug 06, 2024 17:23

बिजनौर के मोहम्मद तालिब काम के लिए सऊदी अरब गया था, वहां उसकी मौत हो गई। महीने भर बाद अब उसका शव घर पहुंच है। मृतक के पिता ने लगाया सऊदी में शेख की पिटाई से मौत का आरोप।

Bijnor News : बिजनौर का मोहम्मद तालिब काम के सिलसिले में सऊदी अरब गया था, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। महीने भर बाद अब उसकी लाश वापस आई है। मृतक के पिता ने सऊदी में शेख की पिटाई से मौत का आरोप लगाया है। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए ख़ाक किया गया। परिजनों का आरोप है कि सऊदी में उनके बेटे को बेरहमी से मारा-पीटा गया, जिससे उसकी जान चली गई। उन्होंने नौकरी देने वाले एक शेख पर आरोप लगाया है। 

दरअसल,बीते दिन सऊदी अरब के रियाद से लगभग एक महीने बाद मोहम्मद तालिब (19)का शव बिजनौर के उसके शकरपुरी गांव पहुंचा। गांव शकरपुरी निवासी मोहम्मद सगीर पुत्र मोहम्मद तालिब चार माह पूर्व काम के सिलसिले में सऊदी अरब गया था। इस बीच महीने भर पहले परिजनों को सऊदी के रियाद शहर से सूचना मिली कि तालिब की मौत हो गई है,जिस पर परिजनों ने इसकी पुष्टि के लिए रियाद शहर में रह रहे अपने रिश्तेदारों व जानने वालों से बात की तो खबर सही पाई गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

पिता ने कहा : मालिक ने की निर्मम हत्या 
मृतक के पिता सगीर अहमद ने आरोप लगाते हुए कहा कि तालिब की मौत में शेख (मालिक) का हाथ है। उसी ने मारपीट कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। सगीर ने भारत सरकार से तालिब का शव भारत भेजने की मांग की थी। सोमवार (6 अगस्त) को लगभग 3:30 बजे तालिब का शव बिजनौर के गांव शंकरपुरी पहुंचा तो वहां भीड़ इकट्ठा हो गई। परिजनों का रोना सुनकर वहां मौजूद लोगों का कलेजा मुंह को आ रहा था। कल देर शाम गमगीन माहौल में तालिब को सुपुर्द ए ख़ाक किया गया। मामले में ग्राम प्रधान तौफीक ने बताया कि तालिब की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नॉर्मल बताई गई है,जबकि उसके पिता का कहना है बेटे को बेरहमी से शेख द्वारा मारा गया है। इस दौरान विधायक मनोज पारस के भाई धर्मेंद्र पारस,नायब तहसीलदार, किसान नेता आदिल जैदी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

Also Read